Press "Enter" to skip to content

रामभद्राचार्य जी बोले- कोर्ट में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले में भी गवाही दूंगा: श्री राम ने तो ले लिया अब श्रीकृष्ण को भी अपने अपमान का बदला लेना चाहिए / #उत्तरप्रदेश

हाथरस

हाथरस के जगतगुरु रामभद्राचार्य जी ने श्री कृष्ण जन्मभूमि को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ”हम न्यायालय से श्री कृष्ण जन्मभूमि भी लेंगे। यह हमारा अधिकार है। कहा कि मैं श्री कृष्ण जन्मभूमि में भी अपनी गवाही दूंगा। गवाही में क्या कहना है, वह यह न्यायालय के समक्ष ही बताएंगे। श्री राम ने अपने अपमान का बदला ले लिया। अब श्री कृष्ण को भी अपने अपमान का बदला लेना चाहिए। बिना क्रांति के हमें श्री कृष्ण जन्मभूमि नहीं मिलेगी। अब मुरली से काम नहीं चलेगा। अब सुदर्शन चक्र उठाना पड़ेगा। ब्रज भूमि को एक बार फिर क्रांतिमय बनाना होगा।”

तुलसी पीठाधीश्वर जगतगुरु रामभद्राचार्य ने यह बातें शनिवार शाम गांव लाडपुर में रामकथा के दौरान कही। उन्होंने आगे कहा, ”श्रीकृष्ण हमारे मित्र हैं। इसलिए जब तक श्री कृष्ण जन्मभूमि हमें नहीं मिलेगी, तब तक मैंने यह फैसला किया है कि मैं किसी कृष्ण मंदिर में नहीं जाऊंगा। हिंदुओं का अपमान अब सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह यहां श्री कृष्ण जन्मभूमि के लिए अलख जगाने के लिए आए हैं। इस राम कथा के जरिए यही प्रयास कर रहे हैं। अयोध्या में तो हमने राम मंदिर बना लिया। अब काशी विश्वनाथ और श्री कृष्ण जन्मभूमि की बारी है। ”

रामकथा के दौरान उमड़ी भीड़।

रामकथा के दौरान उमड़ी भीड़।

गर्भ गृह पर मस्जिद बनाई गई है

रामभद्राचार्य ने कहा, ”हमारा कृष्ण मंदिर केशव देव मंदिर के नाम से जाना जाता था। भगवान श्री कृष्ण का विग्रह 400 किलो सोने से बनवाया था। गर्भगृह पर मस्जिद बनाई गई है। कृष्ण मंदिर गर्भगृह पर नहीं है। हम चंदा मांगकर मंदिर बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हाथरस तो रामायण जी का गढ़ रहा है। पंडित गया प्रसाद जी यहीं के थे और यहीं से वैरागी होकर गोवर्धन चले गए। यहां कथा कहने में बहुत आनंद आता है। बिना क्रांति के श्रीकृष्ण जन्मभूमि नहीं मिलेगी।”

जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण जगतगुरु का आशीर्वाद लेते हुए।

जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण जगतगुरु का आशीर्वाद लेते हुए।

रामभद्राचार्य का आशीर्वाद लेने पहुंच रहे वीआईपी

हाथरस में जगतगुरु रामभद्राचार्य की राम कथा में उनका आशीर्वाद लेने के लिए कई वीआईपी और मंत्री पहुंच रहे हैं। इनमें जिले प्रभारी मंत्री असीम अरुण, सांसद राजवीर सिंह दिलेर, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंद्राराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह गुड्डू शामिल हैं। इन सभी ने लाडपुर गांव पहुंच कर तुलसी पीठाधीश्वर का आशीर्वाद लिया। राम कथा में बागेश्वर सरकार धीरेंद्र शास्त्री जी महाराज सहित कई संतों का आगमन प्रस्तावित है।

राम कथा महोत्सव के कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत एक झांकी।

राम कथा महोत्सव के कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत एक झांकी।

गांव लाडपुर में तीन दिन से जगतगुरु रामभद्राचार्य की राम कथा चल रही है। जिसमें रोजाना हजारों की संख्या में भीड़ पहुंच रही है। तीसरे दिन रामभद्राचार्य ने रामचरितमानस के कई प्रसंगों का वर्णन किया। उन्होंने राम कथा के दौरान भजन कीर्तन भी हुए और लोग जमकर झूमे। मनमोहक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं।

लोग भक्ति में डूबे नजर आए और पूरा वातावरण राममय हो गया। रामभद्राचार्य जी की यह राम कथा 2 फरवरी तक चलेगी। गांव लाडपुर में हाथरस शहर के अलावा काफी दूर-दूर से उनकी राम कथा को सुनने के लिए लोग आ रहे हैं। वहां सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from उत्तरप्रदेशMore posts in उत्तरप्रदेश »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!