शिवपुरी। जिले में गुरूवार की रात और शुक्रवार को हुई बारिश तेज बारिश ने कहर ढा दिया। बारिश के कारण एक दर्जन से अधिक गांवों में मकान ढह गए, कई गांवों में एक से दो फीट तक पानी भर गया वहीं लाखों रुपए की फसल भी बारिश के पानी में बह गई।
जिले के मानकपुर, करमाजकला, सतेरिया, रायश्री, सुहारा, सतनबाड़ा, पोहरी, बैराड़ सहित अनेक ग्रामों में बारिश ने कहर बरपाया। किसानों की लगी टमाटर व सोयाबीन की फसल इस बारिश के पानी में बह गई जिससे लाखों रुपए का नुकसान हुआ। कई घरों में पानी भर गया तो कई कच्चे मकान इस बारिश के पानी में ढह गए। मानकपुर के किसान महाराजसिंह जाटव ने बताया कि उन्होंने ढाई बीघा में टमाटर की फसल की बोवनी की थी लेकिन बारिश की वजह फसल पूरी तरह बह गई जिससे उन्हें करीब 1 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
महाराजसिंह जाटव का कहना है कि फसल खराब होने के बाद अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी अभी 10 घंटे से अधिक समय होने के बाद तक अधिकारी तो दूर पटवारी तक ने फसल नुकसान का मौका मुआयना नहीं किया है। ऐसे में अगर किसान को फसल नुकसान का मुआवजा नहीं मिलेगा तो उसकी कैसे गुजर बसर हो पाएगी वहीं जब इस बारे में पटवारी मोनिका रावत से बात की गई तो उन्होंने कहा कि फसल नुकसान का जल्दी सर्वे कर रिपोर्ट तहसीलदार महोदय के समक्ष प्रस्तुत कर दी जाएगी वहीं मानकपुर के रहने वाले रामदयाल व बंटी जाटव के कच्चे मकान ढह गए जिससे अब वह बेघर हाे गए हैं। घर-गृहस्थी का सामन सड़कों पर रखा है।
बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान करमाजकला में हुआ जहां बारिश का पानी घरों में घुस गया पूरे गांव में एक से दो फीट पानी भर गया। लोग रात में बारिश का पानी बढ़ता देख घरों की छत पर चढ़ गए। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बारिश से प्रभावित लोगों ने सीएम शिवराजसिंह चौहान व प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।




