पोहरी। पोहरी क्षेत्र के ग्राम डांगवर्वे में शराबबंदी की मांग को लेकर ग्रामीणों और महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। सहरिया विकास परिषद की बैठक के बाद ग्रामीणों ने गांव में शराब के खिलाफ सामाजिक स्तर पर सख्ती बरतने का निर्णय लेते हुए एसडीएम पोहरी जेपी गुप्ता को आवेदन सौंपकर कथित अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई की मांग की।
बैठक में शराब के सेवन से होने वाली घरेलू समस्याओं पर चर्चा के बाद शराब पीने वाले व्यक्ति पर 1100 रुपए जुर्माना, नशे में महिलाओं से मारपीट करने पर 500 रुपए और शराब पीकर गांव में गाली-गलौज करने पर 1500 रुपए दंड लगाने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने बच्चों की शिक्षा को लेकर भी फैसला लिया कि बच्चों को स्कूल नहीं भेजने पर 50 रुपए का दंड लगाया जाएगा।
ग्रामीणों के आवेदन के मुताबिक बैठक में रामस्वरूप बाबूजी, शिशुपाल नरवरिया, प्रदेश महासचिव अतर सिंह मेहरा, तेज सिंह नेताजी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। पार्वती सहरिया अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों के हस्ताक्षर आवेदन पर बताए गए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से ग्राम डांगवर्वे में संचालित बताए जा रहे अवैध शराब के ठेके को बंद कराने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि शराब की उपलब्धता से घरेलू विवाद और महिलाओं के साथ कथित मारपीट जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।




