,

जमीन विवाद में परिवार को जान से मारने की धमकी का आरोप, करैरा के अंशुल गुप्ता ने कलेक्टर-SP से सुरक्षा की लगाई गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। करैरा में भूमि विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने कुछ लोगों पर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जमीन हड़पने की कोशिश करने और न्यायालय से केस वापस नहीं लेने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर अंशुल गुप्ता ने 29 सितंबर को जनसुनवाई में कलेक्टर, एसपी सहित पुलिस अधिकारियों को आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक अंशुल गुप्ता ने करैरा कस्बे में सर्वे नंबर 2676/1/1, रकबा 0.165 हेक्टेयर भूमि रिस्ता देवी से 17 अप्रैल 2025 को पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदी थी। आरोप है कि अंशु गुप्ता, नवनीत गुप्ता, संजय पहाड़िया और हरीनिवास गुप्ता कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से उक्त भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विवाद के चलते आवेदक और उसके परिवार को कई बार जान से मारने की धमकी दी गई। कथित तौर पर न्यायालय में चल रहे भूमि संबंधी मामले को वापस नहीं लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। आवेदक ने अपने माता-पिता की उम्र 68 से 70 वर्ष के बीच बताते हुए उनकी बीमारी का भी उल्लेख किया है और पूरे परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। आवेदक ने आवेदन में एक पटवारी पर भी संबंधित लोगों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।

अंशुल गुप्ता ने कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कराने के साथ ही स्वयं तथा अपने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।