शिवपुरी: हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश के बीच लैंड स्लाइड हो रहे हैं। यहां तीर्थ यात्रा पर और छुट्टियां मनाने गए मध्यप्रदेश के कई लोग फंस गए हैं। अमरनाथ की यात्रा कर लौट रहे शिवपुरी जिले के 12 युवक मनाली-लेह मार्ग के बीच सरचू बॉर्डर पर तीन दिन से फंसे हुए हैं। सिवनी जिले के दो नवविवाहित जोड़े भी मनाली में तेज बारिश के बीच फंस गए हैं। ये सभी मध्यप्रदेश सरकार से वापस घर लौटने के लिए गुहार लगा रहे हैं।
अमरनाथ यात्रा से लौट रहे 12 लोगों ने एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मदद की गुहार लगाई है। वीडियो में वे कह रहे हैं कि यहां प्रशासन कोई मदद नहीं कर रहा। आसपास के होटलों और ढाबों पर भी राशन खत्म हो गया है। यात्रियों ने कहा, हम बाबा अमरनाथ के दर्शन कर लौट रहे थे। रास्ते में मनाली घूमने रुक गए, यहां आज हमारा चौथा दिन है।
मनाली घूमने गए सिवनी जिले के दो नवविवाहित जोड़ों तेजल – तरुण सनोडिया और दीपक – अरुणा सनोडिया का परिजन से संपर्क टूट गया है। अब परिजन सरकार से उन्हें वापस लाने के लिए मदद मांग रहे हैं। सिवनी विधायक ने बताया कि दोनों जोड़ों की जानकारी जुटाई जा रही है। सिवनी कलेक्टर क्षितिज सिंघल का कहना है कि मनाली के जिला अधिकारी से संपर्क किया गया है। प्रशासनिक तौर पर सारी जानकारियां मनाली प्रशासन के साथ साझा कर दोनों ही दंपतियों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
शिवपुरी के ये कपल मनाली घूमने गए थे। लैंडस्लाइड के बाद से इनसे परिजन का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।
शिवपुरी के ये कपल मनाली घूमने गए थे। लैंडस्लाइड के बाद से इनसे परिजन का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।
7 जुलाई को बर्फबारी के बाद हुआ लैंडस्लाइड
हिमाचल में फंसे ट्विंकल जोशी के पिता ने बताया कि शिवपुरी से करीब 12 लोग 27 जून को दो कार से यात्रा पर निकले थे। इनमें उनका बेटा भी शामिल है, उससे तीन दिन पहले बात हुई थी। ग्रुप सरचू बॉर्डर पर टॉप बरालचाला मार्ग से लौट रहा था, तभी 7 जुलाई को पहले बर्फबारी हुई, फिर तेज बारिश के साथ लैंडस्लाइड हो गया।
होटलों में राशन खत्म, 5 रुपए का चिप्स 50 में मिल रहा
शिवपुरी के पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि ग्रुप के पास जो भी खाने-पीने का सामान है, वो आज मंगलवार खत्म हो जाएगा। आसपास के होटलों में भी अब खाने-पीने की सामग्री नहीं बची है। गाड़ियों का डीजल भी खत्म होने वाला है। काफी ऊंचाई पर होने के कारण ऑक्सीजन भी सही से नहीं मिल पा रही है।
जानकारी के अनुसार, अभी 4 दिन और हिमाचल में लोगों के फंसे रहने की संभावना है। यहां पानी की बोतल 100 रुपए, एक टाइम खाना बनाने के लिए 300 रुपए का गैस सिलेंडर मिल रहा है, अब तो उसका स्टॉक भी खत्म हो रहा है। 5 रुपए का चिप्स का पैकेट 50 रुपए में मिल रहा है। यात्री अपना दिन कार में गुजार रहे हैं। रात के समय टीन शेड में 1000 रुपए देकर सो रहे हैं।
शिवपुरी के रहने अनिल शर्मा अन्नी पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष, पारम सिंह रावत पूर्व जनपद अध्यक्ष, रोहित मिश्रा, ट्विंकल जोशी, लकी रावत, कृष्णा खंडेलवाल टेंट कारोबारी, विनोद रावत, शिवम गुप्ता साडी कारोबारी, मयंक जैन व्यापारी, लाखन रावत, सुमित श्रीवास्तव और पवन धाकड़ इस यात्रा में फंस गए है।






Be First to Comment