Press "Enter" to skip to content

अनाज लूटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार: जिला पंचायत सदस्य के बेटे की दुकान में भी की थी सेंधमारी / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के कोलारस थाना अंतर्गत लुकवासा चौकी क्षेत्र में 2 जुलाई रविवार-सोमवार की दरमियानी रात डोडियाई रोड पर बने एक मकान में बदमाशों ने घुसकर पूर्व कोटवार को बंधक बनाकर मारपीट की थी। इसके बाद घर में रखा 18 क्विंटल सोयाबीन सहित मसूर को लूट कर अपने साथ गाड़ी में भरकर ले गए थे। पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्त्तार कर 6 क्विंटल अनाज बरामद कर लिया है। आरोपियों का एक साथी अभी फरार है। जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। सभी कोलारस थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लोडिंग वाहन को भी जब्त कर लिया है।


कोलारस एसडीओपी विजय यादव ने बताया कि 3 जुलाई को डोडंयाई गांव के रहने वाले लखन सिंह पुत्र श्रीकिशन सिंह (50) के डोंडयाई रोड स्थित मकान की शटर तोड़कर बदमाश अंदर घुसे थे। बदमाशों ने लखन सिंह के साथ बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट कर दी थी। इसके बाद बदमाश घर में रखा 18 क्विंटल सोयाबीन सहित मसूर को भर कर ले गए थे। शिकायत के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस ने आज राजू कुशवाह (25) निवासी गुरुद्वारे के पास कोलारस, गोदा जाटव पुत्र फतूरा जाटव (35) निवासी चक्क भडोता और अशोक आदिवासी (25) निवासी कॉलेज के पीछे राई रोड कोलारस को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में शामिल एक आरोपी रामपाल लोधी पुत्र मनीराम लोधी (25) निवासी काॅलेज के पास राई रोड कोलारस अभी फरार चल रहा है जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पकडे गए आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 394 भा.दं.वि 11,13 एमपीडीपीके एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।

जिला पंचायत सदस्य के बेटे की दुकान में भी की थी चोरी

आरोपियों ने मिलकर उसी रात लुकवासा कस्बे में जिला पंचायत सदस्य बाबू लाल जाटव के बेटे जीतेंद्र जाटव की गल्ला की दूकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उक्त चोर दीवार तोड़कर दुकान में घुसे थे जब उन्हें यहां ज्यादा अनाज नहीं मिला तो इसके बाद उक्त चोरों ने डोंडयाई रोड पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बताया गया है कि पुलिस ने 6 क्विंटल चोरी किया हुआ अनाज गुना जिले के म्याना से बरामद कर लिया है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!