Press "Enter" to skip to content

नियम तोड़ने पर होगा चालान, पैसा नहीं तो उधारी भी चलेगी, कार्ड से भी कर सकेंगे भुगतान / Shivpuri News

शिवपुरी। अब अगर आप यातायात के नियम तोड़ते हैं तो चालान तो होगा लेकिन अगर आप पर नगद पैसे नहीं हैं तो आप अपने कार्ड से अथवा आनलाइन बैंकिंग के माध्यम से भी चालान का भुगतान कर सकेंगे। यदि आप आन लाइन भी चालान का भुगतान करने में सक्षम नहीं होंगे तो पुलिस विभाग आपका चालान उधारी में काट देगा।

उल्लेखनीय है कि अभी तक थाने की पुलिस व यातायात विभाग आपका चालान कट्टे के माध्यम से काटते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब आपका चालान पीओएस मशीन के माध्यम से किया जाएगा। इस मशीन को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह मशीन न सिर्फ आरटीओ की बेबसाइट बल्कि न्यायालय से भी कनेक्ट है। इस मशीन में चालानी कार्रवाई के दौरान जैसे ही पुलिसकर्मी उस धारा को टाइप करेगा जिसका उल्लंघन किया गया है, तो चालान की राशि स्वतः अंकित हो जाएगी। इसके अलावा गाड़ी नंबर डालते ही आरटीओ की पूरी डिटेल आ जाएगी। अगर गाड़ी मालिक चला रहा है तो मशीन स्वतः ही उसका नाम स्क्रीन पर दिखाएगी। अगर गाड़ी वाहन मालिक नहीं चला रहा है तो चालक का नाम पुलिसकर्मी को टाइप करना होगा। इसके बाद पीओएस मशीन से बकायदा चालान की एक स्लिप निकालेगी जो वाहन के धारक को दी जाएगी। अगर आपके पास नकद पैसा नहीं है तो आप आपने डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, ऑन लाइन बैंकिंग के माध्यम से भी चालान का भुगतान कर सकेंगे। अगर आप पर पैसा नहीं होगा तो पुलिस उधारी में भी चालान काट देगी।

ऐसे काटा जाएगा उधारी में चालान

जब वाहन मालिक पैसा न होने की बात कहेगा तो पुलिसकर्मी उसकी गाड़ी का फोटो खींचेगा। वाहन चालक का मोबाइल नंबर लेगा और उस नंबर को कंफर्म करेगा कि वह नंबर सही है या नहीं। नंबर कंफर्म होने के बाद उसके मोबाइल पर एक मैसेज आएगा, जिसमें उसके चालान से संबंधित डिटेल होगी और 15 दिन के अंदर चालान का भुगतान करने के संबंध में निर्देश होंगें इस चालान जानकारी न्यायालय तक भी पहुंचेगी, इसके बाद वाहन चालक को न्यायालय में पहुंच कर चालान का भुगतान करना होगा। अगर वाहन चालक न्यायालय पहुंचकर चालान का भुगतान नहीं करेगा तो न्यायालय उसे कानूनी कार्रवाई की जद में लेगा।

शिवपुरी में काटे गए आठ चालान

शिवपुरी में सोमवार को 25 पीओएस मशीन उपलब्ध कराई गई हैं। इन मशीनों में से चार मशीन यातायात पुलिस को दी गई हैं, जबकि शेष 21 मशीन अलग-अलग थानों को उपलब्ध कराई गई हैं। इन मशीनों को उपलबध कराने के साथ ही विशेषज्ञों ने पुलिसकर्मियों को चालान काटने संबंधी ट्रेनिंग भी दी। ट्रेनिंग के उपरांत सोमवार की शाम को ही पीओएस मशीन से आठ वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई।

इनका कहना है

-हमें पीओएस मशीन उपलब्ध कराई गई हैं, इस मशीन का फायदा यह होगा कि वाहन चालक चालान का भुगतान ऑन लाइन भी कर सकेगा। वाहन चालक को पीओएस मशीन से निकली हुई पर्ची मिलेगी, जिससे यह भी संदेह नहीं रहेगा कि पुलिस ने चालान के ज्यादा पैसे ले लिए हैं। अगर वाहन चालक पर पैसे नहीं होंगे तो चालान उधारी में भी काटा जा सकेगा।

रणवीर सिंह यादव

यातायात प्रभारी

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!