शिवपुरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के तहत कलेक्टर बंगले के पास भाजयुमो के पूर्व नगर अध्यक्ष रितेश चौहान पर पांच लोगों ने तलवार व फरसे से जानलेवा हमला बोल दिया। घटना में रितेश बुरी तरह जख्मी हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीते कुछ माह पूर्व एक जमीनी विवाद को लेकर आरोपी सौरभ चौहान ने रिटायर्ड DSP सुरेश सिंह सिकरवार के घर पहुंचकर उस समय गोली मार दी थी जब वह घर के बाहर बैठे हुए थे। गोली डीएसपी की कनपटी को छूती हुई निकल गई थी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी सौरभ चौहान सहित उसके छोटे भाई अमन चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मामला न्यायालय में चल रहा है गवाही में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व नगर अध्यक्ष रितेश चौहान का नाम था। हाल ही में दोनों आरोपी भाई जेल से जमानत पर छूट कर आए ही थे। सौरभ चौहान लगातार रितेश चौहान को गवाही न देने की बात कह रहा था।
बीते रात एक बार फिर सौरभ चौहान ने रितेश चौहान से फ़ोन पर बात कर उसे धमकाया और फोन पर हुई अनबन के बाद रितेश चौहान जब अपनी कार से अकेला अपने घर वापस जा रहा था उसी समय सौरभ और उसके छोटे भाई अमन ने बात करने के बहाने रितेश को रोक लिया और फरसे और तलवार से एकाएक हमला बोल दिया। फरसे से किए गए वार से रितेश का बांया हाथ में गंभीर चोंट आई है। इसके अलावा शरीर पर भी तलवार के हमले के निशान है जिनसे वह बुरी तरीके से जख्मी हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने तत्काल ग्वालियर के लिए रैफर कर दिया।




