शिवपुरी। फतेहपुर में सरस्वती शिशु मंदिर के सामने बुधवार को सड़क हादसे में साइकिल सवार छात्र घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार गीता पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक 18 स्कूटी सवार व्यक्तियों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे साइकिल सवार छात्र से जा टकराई। टक्कर के बाद छात्र सड़क पर गिरकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसा इतना जोरदार था कि स्कूटी और साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
फिलहाल हादसा किसकी लापरवाही के चलते हुआ, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





