शिवपुरी। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है। बुधवार शाम कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने शहर के व्यस्ततम माधव चौक और कोर्ट रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने सड़क पर दुकानें फैलाने और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी।
शहर भ्रमण के दौरान कलेक्टर माधव चौक स्थित प्रेम स्वीट्स पहुंचे, जहां दुकान के बाहर सड़क किनारे लगे स्टॉल्स को तत्काल हटवाया गया। उन्होंने नगर पालिका और यातायात टीम को निर्देश दिए कि सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए और वाहनों की पार्किंग भी व्यवस्थित कराई जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो और जाम की स्थिति निर्मित न हो।
कलेक्टर ने अन्य दुकानदारों को भी समझाइश देते हुए कहा कि सड़क और फुटपाथ पर सामान, स्टॉल या अन्य सामग्री रखकर यातायात बाधित न करें। उन्होंने साफ-सफाई को लेकर भी दुकानदारों को जिम्मेदारी का अहसास कराया।
कोर्ट रोड पर अतिक्रमण हटाए जाने के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने कलेक्टर अर्पित वर्मा का आभार जताया। शहर भ्रमण के दौरान व्यापारियों ने उन्हें फूलमाला पहनाकर प्रशासन की इस पहल के लिए धन्यवाद दिया।
कलेक्टर ने कहा कि शहर सभी नागरिकों का है और यातायात व्यवस्था बनाए रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करवाएं, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति न बने और आमजन को सुगम आवागमन मिल सके।
कलेक्टर के निर्देश पर नगर पालिका और यातायात विभाग द्वारा शहर में अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। विगत दिनों भी दुकानों के बाहर लगे स्टॉल्स और बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण उत्पन्न जाम की स्थिति को देखते हुए कार्रवाई की गई थी।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि समझाइश के बावजूद यदि दुकानदारों ने सड़क पर अतिक्रमण या अव्यवस्थित पार्किंग जारी रखी तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने दुकानदारों से स्वच्छ शिवपुरी अभियान में सहयोग की अपील भी की। उन्होंने कहा कि दुकानों के बाहर बड़ी मात्रा में कचरा एकत्र होने से बाजार की सुंदरता और स्वच्छता प्रभावित होती है।
उन्होंने दुकानदारों से अपनी-अपनी दुकानों के बाहर डस्टबिन रखने और कचरा सड़क पर नहीं फेंकने की अपील की। साथ ही दुकानों पर आने वाले ग्राहकों को भी सड़क पर कचरा न फेंकने के लिए प्रेरित करने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित शिवपुरी केवल प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही बन सकती है।




