Press "Enter" to skip to content

जय हनुमान ज्ञान गुण सागर, जय कपिस तिहु लोक उजागर… के जयकारों से गुंजे हुमान मंदिर / Shivpuri News

शिवपुरी। जय हनुमान ज्ञान गुण सागर, जय कपिस तिहु लोक उजागर, रामदूत अतिलुत बलधामा, अंजनी पुत्र पवनसुत माना…इन्हीं संगीत की सुमधुर लहरों के बीच शनिवार को नगर में बड़े उत्साह के साथ हनुमान जयंती मनाई गई। नगर के सभी हनुमान मंदिरों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का दर्शन करने और पूजा-पाठ करने का जो सिलसिला शुरू हुआ वह देर शाम और रात्रि तक जारी रहा। शहर सहित आसपास के सभी हनुमान मंदिरों पर विशेष आकर्षक सजावट, लाईटिंग, साफ-सफाई, पेयजल व छांव के लिए टैंट की पर्याप्त व्यवस्थाएं मंदिरों पर मौजूद रही जहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं ने बड़े सरल सहज आनंद के साथ श्रीहनुमान की भक्ति की और अपनी-अपनी श्रद्धानुसार पूजा-अर्चना व पाठ करते हुए श्रीहनुमान स्तुति भी की।

श्रीखेड़ापति हनुमान मंदिर

शहर के झांसी रोड़ पर स्थित श्रीखेड़ापति हनुमान मंदिर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा। जहां मंदिर महंत लक्ष्मणदास त्यागी महाराज द्वारा हनुमान भक्तों के आह्वान पर चोला चढ़ाया व पूजा-अर्चना करते हुए सुंदरकांड पाठ किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर श्रीहनुमान भक्ति की। मंदिर परिसर में छप्पन भोग, फूल बंग्ला सजाया गया व मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए श्रीहनुमान स्तुति व प्रसाद वितरण भी किया गया साथ ही मंदिर के बाहर परिसर में पूड़ी सब्जी का वितरण भी धर्मप्रेमीजनों द्वारा किया गया।

श्रीबांकड़े हनुमान मंदिर

शहर से लगभग 10 किमी दूर स्थित श्रीबांकड़े हनुमान मंदिर पर लोगों का हुजूम अलसुबह से ही उमड़ पड़ा। यहां अधिक भीड़ होने के चलते यातायात रूट डायवर्ट किया गया जिसमें मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए दर्शन पश्चात कोटा-भगोरा मार्ग से अपने-अपने गतंव्यों की ओर जाने हेतु सुगम मार्ग उपलब्ध कराया गया। यहां मंदिर महंत गिरिराज व डॉ. गिरीश महाराज द्वारा संयुक्त रूप से हनुमान भक्तों के लिए विशेष पूजा-अर्चना कराई गई व हनुमान का विशेष श्रृंगार व फूल बंगला भी मंदिर परिसर में सजाया गया। इसके अतिरिक्त महिलाओं ने संगीतमय भजन गीत गाते हुए हनुमान जी का स्मरण किया। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशाल भण्डारे का आयोजन भी मंदिर परिसर में किया गया।

श्रीमंशापूर्ण व पंचमुखी हनुमान मंदिर

शहर के एबी रोड़ पर स्थित श्रीमंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर मंदिर महंत अरूण शर्मा पुजारी द्वारा हनुमान की पूजा-अर्चना व आरती की गई साथ ही मंदिर को विशेष आकर्षक स्वरूप देते हुए सजाया गया। मंदिर परिसर में हनुमान जी को छप्पन भोग लगाया गया और फूल बंगला सजाकर धर्मप्रेमीजनों को धर्मलाभ प्रदान किया। इस अवसर पर आकर्षक लाईटिंग व टैंट की विशेष सजावट मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आकर्षण केंद्र रही। यहां श्रद्धालुजनों द्वारा पूजा-अर्चना, भंडारा व हनुमान स्तुति की गई। कुछ इसी तरह का आयोजन एबी रोड़ पर स्थित श्रीपंचमुखी हनुमान मंदिर पर किया गया जहां पंचमुखी हनुमान मंदिर पर भी हनुमान के पांच स्वरूपों के दर्शन धर्मप्रेमीजनों ने किए।

श्रीबड़े हनुमान मंदिर

कत्थामिल के सामने स्थित श्रीबड़े हनुमान मंदिर तुलसी आश्रम पर महामंडलेश्वर पुरूषोत्तमदास महाराज के सानिध्य में हनुमान जयंती बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। यहां आमजन के लिए पूड़ी सब्जी का प्रसाद प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वितरित किया गया। इसके अलावा मंदिर आए श्रद्धालुओं ने श्रीबड़े हनुमान जी के दर्शन कर पूजा-पाठ की और मंदिर पर चोला चढ़ाकर, श्रृंगार, छप्पन भोग व फूल बंगला सजा देख लोगों ने दर्शन करते हुए धर्मलाभ प्राप्त किया।

श्रीपाताली हनुमान व श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर

शहर में हनुमान जयंती के अवसर पर वार्ड क्रं.17 लुधावली स्थित श्रीपाताली हनुमान मंदिर पर मंदिर हंत लक्ष्मणदास महाराज के सानिध्य में हनुमान का विशेष श्रृंगार किया गया व महाआरती का आयोजन हुआ। यहां मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं ने हनुमानजी के दरबार में बैठकर सुंदरकांड, हनुमान स्तुति करते हुए पूजा-आराधना की गई। इसके अलावा छत्री रोड़ पर स्थित श्रीचिंताहरण मंदिर पर भी विभिन्ना धार्मिक आयोजन हुए। यहां मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट के साथ सजाया गया। यहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में पूजा-पाठ, सुन्दरकांड व हनुमान स्तुति की। साथ ही मंदिर परिसर के बाहर भण्डारे का आयोजन किया गया।

मंशापूर्ण हनुमान मंदिर

हनुमान जयंती पर मंशापूर्ण हनुमान मंदिर को फूलमालाओं से सजाया गया था जिसकी शोभा देखते ही बनती थी। मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया जिसमें भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की। इसके अलावा दिनभर मंदिर पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे और रात में बुंदेलखंड के कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!