,

हेलमेट नहीं तो चालान तय: शिवपुरी में पुलिस की जागरूकता रैली, 950 बिना हेलमेट और 500 बिना सीट बेल्ट वाहन चालकों पर कार्रवाई / Shivpuri News

शिवपुरी। सड़क हादसों में जान बचाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए शिवपुरी पुलिस ने गुरुवार को शहर में हेलमेट जागरूकता रैली निकाली। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने आमजन को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने का संदेश दिया।

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में चल रहे हेलमेट एवं सीट बेल्ट जागरूकता अभियान के तहत निकली रैली कोर्ट रोड, माधव चौक, ग्वालियर बायपास, झांसी तिराहा और गुरुद्वारा-राजेश्वरी रोड होते हुए वापस एसपी कार्यालय पहुंची।

रैली के दौरान पुलिस ने लोगों को समझाया कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जान बचाने का सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा साधन है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।

शिवपुरी पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान अब तक बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 950 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। वहीं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले 500 लोगों के खिलाफ भी चालान काटे गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

रैली के माध्यम से पुलिस ने शहरवासियों को संदेश दिया कि “हेलमेट पुलिस से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी बचाने के लिए पहनें।” पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक करें।

रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति, सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।