,

पति की मारपीट और नशे की बात बताकर प्रेमी को बुलाने का दावा, पड़ोरा पुल पर ट्रक से बचने के प्रयास में बाइक खंडे से टकराई / Shivpuri News

शिवपुरी। बदरवास में एक युवती को लेने सवाई माधोपुर से आए युवक के साथ लौटते समय पड़ोरा पुल के पास सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों को सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार सवाई माधोपुर निवासी 20 वर्षीय हंसराज पुत्र सरदार लोहार अपने मामा के लड़के के साथ बाइक से बदरवास पदमाबाई को लेने आया था। बताया गया है कि पदमाबाई और हंसराज के बीच पिछले करीब एक माह से बातचीत हो रही थी। हंसराज के अनुसार पदमाबाई ने फोन पर अपनी आपबीती बताते हुए पति द्वारा मारपीट करने और नशा करने की बात कही थी। इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही और पदमाबाई द्वारा उसे बदरवास बुलाया जा रहा था।

बताया गया कि बुधवार रात करीब 9:30 बजे हंसराज बाइक से बदरवास पहुंचा और पदमाबाई को साथ लेकर सवाई माधोपुर के लिए रवाना हुआ। इसी दौरान पड़ोरा पुल पर सामने से कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंडे में जा भिड़ी।

हादसे में बाइक सवार तीनों लोगों के सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।