शिवपुरी। पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम कंचनपुर में 7 अप्रैल की दरम्यानी रात दिव्यांग वृद्ध हुकुमसिंह पाल की हत्या के बाद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों ने एसपी को आवेदन सौंपकर आरोपित को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की।
एसपी को सौंपे आवेदन में अखिल भारतीय पाल महासभा के जिलाध्यक्ष रामस्वरूप बघेल ने आरोप लगाते हुए बताया कि कंचनपुर में हुकुमसिंह पाल की गोली मारकर गुर्जर बंधुओं ने हत्या कर दी। इस मामले में तीन आरोपितों पर 302 की कायमी तो हुई मगर घटना के 6 दिन बाद भी आरोपित गिरफ्तार नहीं किया गया है। आरोपी पक्ष पर अवैध हथियार हैं जिनकी दम पर वह पीड़ितों को धमका रहे हैं और राजीनामे का दबाव बना रहे हैं। मृतक के भतीजे राजेंद्रसिंह पाल ने बताया कि गांव में हत्यारोपितों की समाज में ज्यादा घर हैं और वे हमें लगातार परेशान कर रहे हैं। पीड़ितों ने गांव में पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।






Be First to Comment