बैराड़। बैराड़ नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 गोंदौली में बिजली के तारों में हुए शार्ट सर्किट की वजह से बुधवार की शाम करीब पांच बजे एक झोपड़ी में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आस—पास मौजूद तीन पटौर व एक और झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी की इस घटना में 3 पटौर और दो झोपड़ियां पूरी तरह से जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि घर में मौजूद महिला और बच्चों ने भाग कर अपनी जान बचाई। घर में से आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों ने नगर परिषद बैराड़ की फायर ब्रिगेड को सूचना दी और पानी डालकर आग को बुझाने का प्रयास किया। बाद में मौके पर पहुंची बैराड़ नगर परिषद की फायर ब्रिगेड ने आग को बुझाया। सूचना मिलने के बाद बैराड़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पीड़ित घनश्याम कुशवाहा ने बताया कि आगजनी की इस घटना में उसका करीब 2 से ₹4 लाख का नुकसान हो गया है।
गोंदौली में शार्ट सर्किट से लगी भीषण आग,3 पटौर 2 झोपड़ियां पूरी तरह से जलकर राख / Shivpuri News




