Press "Enter" to skip to content

ध्वजारोहण व प्रभातफेरी के साथ मनाया भाजपा का स्थापना दिवस / Shivpuri News

–  भाजपा के मंडल स्तर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण

हम उस दल के कार्यकर्ता हैं जिसने आजादी व देश के लिए बलिदान दिया : सुरेंद्र शर्मा

शिवपुरी। भारतीय जनता पार्टी का 42वां स्थापना दिवस बुधवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। जिले सहित मंडल स्तर पर ध्वजारोहण कर प्रभातफेरी निकाली गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र शर्मा ने सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारियों को पार्टी के स्थापना दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दीं।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विकास दंडौतिया ने बताया प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के निर्देशानुसार व भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बुधवार को शिवपुरी जिले सहित  सभी मंडलों में पार्टी का स्थापना दिवस मनाया गया। सुबह नौ बजे माधव चौक से लेकर कम्युनिटी हॉल तक प्रभातफेरी निकाली गई। प्रभातफेरी में पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी वंदे मातरम…, भारत माता की जय…, भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद… आदि जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। कम्युनिटी हॉल में हुए कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष अशोक खंडेलवाल, नबावसिंह कुशवाह, दिलीप मुदगल, ओमप्रकाश जैन ओमी, मंजुला जैन, महामंत्री सोनू बिरथरे, गगन खटीक, मंत्री मुकेश चौहान, कार्यालय मंत्री अमित भार्गव, सह कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी जितेंद्र राठौर, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा शिवहरे, भाजयुमो जिलाध्यक्ष नवनीत सेन, पिछड़ा वर्ग मोर्चा महामंत्री संजय कुशवाह, आकाश राठौर, शिवपुरी नगर अध्यक्ष विपुल जैमनी, पुरानी शिवपुरी मंडल अध्यक्ष केपी परमार, गिर्राज शर्मा, सोनू राठौर पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला उपाध्यक्ष, हरिओम राठौर ने भारत माता, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी व पं. दीनदयाल उपाध्याय व राजमाता विजयाराजे सिंधिया के चित्र का पूजन किया। प्रातः 10 बजे विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण हुआ। कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी पार्टी की टोपी लगाकर एवं दुपट्टा पहनकर शामिल हुए।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि हम सौभाग्यशाली है कि आज हम पार्टी का 42वां स्थापना दिवस मना रहे हैं। देशभक्ति व भाजपा एक दूसरे के पर्यायवाची शब्द है। भाजपा का कोई एजेंडा नहीं है भाजपा जो कहती है वह करती है। हम उस दल के कार्यकर्ता हैं जिसने आजादी व देश के लिए बलिदान दिया। हम उस पार्टी के कार्यकर्ता हैं जिसके लिए देश प्रथम है।

भाजपा कार्यकर्ता देश को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए संकल्पित : जिलाध्यक्ष राजू बाथम

जिलाध्यक्ष राजू बाथम ने आज दिनारा के बैसोराकला में भाजपा कार्यालय पर पहुंचे यहां स्थापना दिवस पर कहा कि देवतुल्य कार्यकर्ताओं की वजह से पार्टी देश को परम  वैभव तक पहुंचाएगी। भाजपा के कार्यकर्ता देश को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए संकल्पित हैं। पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल से भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती तक पार्टी के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर विभिन्न सेवा कार्य करेंगे। इनमें तालाबों की सफाई, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, व्यापक स्तर पर टीकाकरण शिविर, महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर, पोषण अभियान आदि सेवा गतिविधि करेंगे। हम सब को गर्व है कि विचारधारा के आधार पर तथा अंत्योदय के संकल्प के साथ गरीबों, शोषितों एवं वंचितों के हितों को सर्वोपरि रखकर प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में देशभर में संगठन का विस्तार सर्वस्पर्शी एवं सर्वव्यापी रूप से हो रहा है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!