विजन स्टूडियो संचालक के घर को चोरों ने बनाया निशाना, सोना—चांदी सहित 5 लाख की चोरी / Shivpuri News

शिवपुरी। सिटी कोतवाली अंतर्गत ठंडी सड़क पर चोरों ने विजन स्टूडियो के संचालक सतेंद्रसिंह सिसोदिया पुत्र मनोहरसिंह के घर को निशाना बना दिया। बता दें कि सतेंद्रसिंह परिवार सहित 22 मार्च को तिरूपति गए हुए थे। तभी चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। पड़ौसी को जब छत का गेट खुला दिखा तो उन्होंने सतेंद्र को फोन लगाया और कहा कि छत का गेट खुला हुआ है। जिस पर सतेंद्र ने कहा कि वह गेट बंद करके गए थे और वह समझ गए कि उनके घर में चोरी हो गई है। जब वह आज वापस लौटे तो देखा कि नीचे तो सभी गेट लगे हुए थे। चोर ऊपर के कमरे में पहुंचे और रोशनदान का कांच तोड़कर घर में घुसे और बडी आसानी से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान चोरों ने घर में रखा 10 तोला सोना कीमत 5 लाख और 10 हजार रुपए नकदी पार कर दिए। इस मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।