शिवपुरी। शिवपुरी बैराड़ क्षेत्र में युवती के लापता हाेने के मामले में पुलिस के नाम पर 1 लाख रुपए ठगने वाला आरोपी भू-माफिया भी निकला। आरोपी साबिर खान ने सतनवाड़ा के पास फोरलेन हाइवे किनारे 1.30 करोड़ रु. कीमत की जमीन पर अतिक्रमण कर रखा था। उसने इस जगह पर पक्का निर्माण कर लिया था और धीरे-धीरे इस जमीन पर फार्म हाउस विकसित कर रहा था। प्रशासन व पुलिस ने रविवार काे माैके पर पहुंचकर निर्माण तोड़कर सात बीघा सरकारी जमीन मुक्त करा ली है। इसके अलावा पॉक्सो एक्ट के आरोपी का मकान तोड़कर वनभूमि की आधा बीघा जमीन से कब्जा हटा दिया गया है।
धोखाधड़ी के आरोपी साबिर खान (67) पुत्र अजीज खां निवासी बैराड़ हाल निवास कल्लन शॉप फैक्ट्री के पास पुरानी शिवपुरी ने सतनवाड़ा में फोरलेन हाइवे किनारे 7 बीघा सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया था। वह इस जमीन पर अवैध कब्जा कर खेती कर रहा था। नायब तहसीलदार ने पहले उसे नोटिस जारी किया। रविवार को सतनवाड़ा पुलिस के साथ जाकर फोरलेन किनारे 1.30 करोड़ रुपए कीमत की जमीन को मुक्त करा दिया। इसी तरह जसवंत पुत्र मेहरबान आदिवासी निवासी ग्राम एरावन द्वारा आधा बीघा वन भूमि कब्जाकर मकान बना लिया था। प्रशासन ने रविवार को यह जमीन भी अतिक्रमणमुक्त करा ली है। पॉक्सो एक्ट मामले में आरोपी जसवंत आदिवासी जेल में बंद है।
भू-माफिया साबिर पुलिस केस में किसान से 1 लाख रु. वसूल चुका किसान धनीराम शाक्य निवासी हुसैनपुर का भाई वीरू शाक्य (22) गांव की ही नाबालिग लड़की को भगाकर ले गया था। पुलिस दबाव के चलते परिवार से पूछताछ से बचाने के नाम पर आरोपी साबिर खान ने एक लाख रुपए वसूल लिए थे। टीआई को पैसे देने के नाम पर रकम वसूलने के बाद भी पुलिस दबिश देने पहुंची, तब इस बात का खुलासा हुआ कि आरोपी साबिर ने धोखाधड़ी करके एक लाख रु. ऐंठ लिए हैं। मामले की शिकायत के बाद आरोपी साबिर के खिलाफ बैराड़ थाना पुलिस ने धोखाधड़ी व एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।






Be First to Comment