शिवपुरी। शहर के पोहरी बस स्टैंड पर आज नगर पालिका का अमला सुबह—सुबह अपनी हिटैची व अतिक्रमण हटाने वाले दस्ते को लेकर पहुंच गया और यहां दुकानों के बाहर रखे काउंटर व स्थाई, अस्थाई अतिक्रमण को हटाया। इसके साथ ही बस स्टैंड पर सफाई अभियान भी चलाया गया। हालांकि इस अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध दुकानदारों ने किया और कहा कि हमें बिना नोटिस दिए व बिना बताए तोड़ाफोड़ी कर दी जिससे हमारा हजारों का नुकसान हो गया।
अव्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर भी जता चुके हैं नाराजगी
कुछ माह पूर्व शिवपुरी कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने बस स्टैंड का भ्रमण किया था। इस दौरान बस स्टैंड पर फैली गंदगी और अव्यवस्थाओं को देख कर नाराजगी व्यक्त की थी जिसके बाद से ही नगरपालिका बीच-बीच में बस स्टैंड पर सफाई अभियान चलाती है इसके साथ ही अतिक्रमण कर खड़े किए हुए वाहनों सहित दुकानदारों पर भी कार्रवाई करती है।
नगरपालिका की इस कार्रवाई से दुकानदारों में नाराजगी देखी गई दुकानदारों का कहना था कि अतिक्रमण हटाए जाने की सूचना या फिर कोई भी नोटिस नगर पालिका द्वारा नहीं दिया गया। बिना सूचना के नगरपालिका के अमले ने अतिक्रमण हटाकर उनका नुकसान कर दिया है अगर नगर पालिका पहले सूचना देती तो वह अपने अस्थाई अतिक्रमण को हटा कर अपने नुकसान को बचा लेते परंतु ऐसा नहीं हुआ नगर पालिका के द्वारा बिना सूचना के अतिक्रमण को हटा दिया गया।
अंतर राज्य बस स्टैंड पर मौके पर मौजूद मुख्य नगरपालिका अधिकारी शैलेश अवस्थी का कहना था कि शहर की सुंदरता और शहर के नागरिकों की सुरक्षा के लिए अतिक्रमण का हटाया जाना आवश्यक है। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए नगर पालिका के अमले द्वारा लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है यह अभियान इसी प्रकार आगे भी जारी रहेगा अतिक्रमण हटाने से संबंधित शहर भर में मुनादी लगातार करवाई जा रही है। जिसके बाद नगरपालिका का अमला अतिक्रमण हटाने पहुंचता है। बस स्टैंड पर दुकान के बाहर बने कॉरिडोर में कुछ दुकानदारों ने अस्थाई अतिक्रमण कर लिया था जिसकी शिकायत नगर पालिका में नागरिकों द्वारा दर्ज कराई थी इसी के तहत आज बस स्टैंड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।






Be First to Comment