शिवपुरी। जिला अस्पताल में इन दिनों मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या में तो इजाफा हुआ है। साथ ही ओपीडी में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। विशेष रूप से मौसमी बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक है।
मौसम में आए बदलाव के बाद गर्मी ने दस्तक दे दी है। इसने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। तेज धूप के चलते अब दोपहर में सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं और लोगों की आवाजाही भी कम हो गई है। धूप और गर्मी से बचने के लिए लोग उपाय कर रहे हैं, लेकिन इसके बीच ही मौसमी बीमारियां भी पैर पसारने लगी हैं। इसका सीधा असर बुजुर्गों और नौनिहालों की सेहत पर पड़ रहा है। गर्मी के प्रकोप के साथ ही अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
सरकारी अस्पताल की ओपीडी बढ़ने के कारण लोगों की लंबी लाइन दिखाई देने लगी है। अस्पताल में मौसमी बीमारी के मरीज बढ़ने के संबंध में पूछे जाने पर आरएमओ ने बताया कि गर्मी का मौसम शुरू होने के साथ ही ओपीडी में मरीजों की संख्या बड़ी है। इसमें अधिकांश मौसमी बीमारी के मरीज हैं। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण भी लोग बीमारी की चपेट में आ जाते हैं। बदलते मौसम में बच्चों व बुजुर्ग लोगों के लिए विशेष सावधानी रखनी चाहिए। धूप में बाहर निकलने से बचना चाहिए। तेज धूप में बाहर निकलना पड़े तो सिर, चेहरे व शरीर का अच्छी तरह ढंककर निकले। शरीर में पानी की कमी न होने दें।






Be First to Comment