शिवपुरी। दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की अभूतपूर्व सफलता के लिए विज्ञान की ताकत और लोगों के दृढ़ संकल्प बहुत जरूरी था। यही कारण है कि हम इस जानलेवा महामारी से लड़ने में काफी बेहतर स्थिति में हैं। साथ ही हमें कोविड संबंधी सावधानियों का भी पालन करना होगा। अपने नागरिकों, अपने लोगों का टीकाकरण कराने के प्रयासों में आज भारत के लिए महत्वपूर्ण दिन है। अब 12 से 14 वर्ष के बच्चे कोरोना टीकाकरण के पात्र हैं। साथ ही 60 साल के ऊपर के सभी नागरिक एहतियाती खुराक के लिए पात्र हैं। यह बात भाजपा जिला उपाध्यक्ष व सांसद प्रतिनिधि व टीकाकरण प्रभारी हेमंत ओझा ने कोविड—19 वैक्सीनेशन महाअभियान के तहत 12 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों को वार्ड नं. 9 शा. माध्यमिक छावनी विद्यालय में वैक्सीन का नि:शुल्क टीका कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कही।
इस दौरान एसपी राजेशसिंह चंदेल, कलेक्टर अक्षय कुमार, डिप्टी कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल, सीएमएचओ पवन जैन, जिला टीकाकरण अधिकारी संजय ऋषिश्वर, जिला शिक्षा अधिकारी संजय श्रीवास्तव, अंगदसिंह तोमर एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
एसपी राजेशसिंह चंदेल ने कहा कि देशवासियों के प्रयासों में यह दिन महत्वपूर्ण है। अब से 12-14 आयु वर्ग के किशोर टीका लगवा सकते हैं। साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी बुजुर्गों के लिए एहतियाती खुराक भी उपलब्ध है। उन्होंने टीका लगवाने के लिए सभी लोगों से आगे आकर संक्रमण से बचाव करने की अपील भी की।
कलेक्टर अक्षय कुमार ने कहा कि 12 से 14 साल तक के बच्चों के लिए आज से कोरोना टीकाकरण शुरू हो गया है। इसकी शुरुआत राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के मौके पर की गई। इस आयु वर्ग के लाभार्थियों को केवल हैदराबाद स्थित बायोलॉजिकल-ई द्वारा विकसित कोर्बेवैक्स का टीका ही लगाया जाएगा। लाभार्थी ऑनलाइन पंजीकरण के अलावा सीधे टीकाकरण केंद्र पर जाकर भी वैक्सीन लगवा सकेंगे। देश में इस आयु वर्ग के 4,74,73,000 बच्चों को टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।






Be First to Comment