शिवपुरी। गुना जिले के एनएफएल विजयपुर में लीगल एडवाइजर की पोस्ट पर नौकरी दिलाने के बहाने से शिवपुरी के वकील से 82 हजार ठगी का मामला सामने आया है। देहात थाना पुलिस ने वकील की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार आवेदक शोभित पुत्र राजबिहारी श्रीवास्तव निवासी आदर्श नगर कॉलोनी ने बताया कि आगरा के मनोज कुमार मिश्रा ने नौकरी लगवाने के नाम पर मुझसे 82 हजार रूपए हड़प लिए। शोभित श्रीवास्तव ने बताया कि 23 दिसंबर 2021 को मनोज मिश्रा नाम का व्यक्ति घर आया और बोला कि एनएफएल विजयपुर जिला गुना में लीगल एडवाइजर की एक जगह खाली है। मनोज ने खुद को एनएफएल में जीएम बताया और पोस्ट पर नियुक्ति के एवज में 82 हजार रूपए जमा कराने की बात कही और बताया कि उक्त पैसे वापस हो जाएंगे। इसलिए मनोज मिश्रा के अकाउंट में 50 हजार रूपए ट्रांसफर कर दिए। फिर 30 दिसंबर 2021 को खाते में 22 हजार रूपए ट्रांसफर किए और 3 जनवरी 2022 को 10 हजार रूपए जमा किए। इसके बाद मनोज मिश्रा ने अपना मोबाइल स्विच आफ कर लिया। मनोज कुमार पुत्र रमाकांत मिश्रा निवासी गाम दातौर महरूसी जिला जौनपुर उप्र एवं टीडीआई सिटी आगरा उप्र के खिलाफ धारा 420 के तहत केस दर्ज कर लिया है।






Be First to Comment