,

शिवपुरी में ठगी पीड़ितों का प्रदर्शन, भुगतान की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के इस्तीफे का ज्ञापन सौंपा / Shivpuri News

शिवपुरी। ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार (तपजप) ने मंगलवार, 27 अक्टूबर को ठगी के शिकार जमाकर्ताओं की राशि वापस दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। संगठन ने कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए भुगतान सुनिश्चित करने और ऐसा नहीं होने पर प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग की।

ज्ञापन में संगठन ने आरोप लगाया कि संसद द्वारा बनाए गए अनियमित जमा योजनाओं पर प्रतिबंध अधिनियम, 2019 (BUDS Act) के बावजूद ठगी पीड़ितों को उनकी जमा राशि वापस नहीं मिल पा रही है। संगठन का कहना है कि जिला और तहसील स्तर पर भुगतान के लिए उचित व्यवस्था और पोर्टल स्थापित नहीं होने से अनेक पीड़ित परेशान हैं।

मोहन सिंह निवासी ग्राम कोटा ने बताया कि सरकार अलग-अलग रिफंड पोर्टलों के माध्यम से लोगों को राहत देने का प्रयास कर रही है, लेकिन ठगी पीड़ितों को उनकी राशि वापस दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। संगठन ने मांग की कि कानून के प्रावधानों के अनुसार संबंधित कंपनियों, सोसायटियों, फर्मों और अन्य जमा योजनाओं में पैसा गंवाने वाले लोगों के दावों का निराकरण किया जाए।

ज्ञापन में केंद्र सरकार की नीति पर नाराजगी जताते हुए नारा दिया गया— *“भुगतान करो या सत्ता छोड़ो।”* संगठन ने चेतावनी दी कि यदि ठगी पीड़ितों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर दिल्ली में संसद भवन का घेराव भी किया जाएगा।

संगठन ने प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री तक अपनी मांग पहुंचाते हुए ठगी पीड़ितों की जमा राशि वापस दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।