,

अमोला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 26.16 ग्राम स्मैक के साथ राजकुमार उर्फ रज्जू जाटव गिरफ्तार, कीमत 2.66 लाख रुपये / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमोला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 26.16 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2 लाख 66 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में स्मैक, गांजा, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं करैरा एसडीओपी विनायक शुक्ला के मार्गदर्शन में अमोला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह सेंगर और उनकी टीम को 27 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि अमोला क्रेशर हाईवे रोड पर मामौनी बाला के कच्चे रास्ते पर एक युवक स्मैक बेचने के लिए खड़ा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अमोला नंबर-2 निवासी राजकुमार उर्फ रज्जू जाटव (21), पुत्र नारायण जाटव को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 26.16 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद किया गया।

पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 237/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह सेंगर, सहायक उपनिरीक्षक सुखदेवराम भगत, प्रधान आरक्षक अर्जुन रावत, प्रधान आरक्षक शिवराज यादव, आरक्षक रामबीर बघेल, अरुण कुशवाह, संजीव श्रीवास्तव, अतर सिंह, नीतेन्द्र सिंह और विकास दुबे की भूमिका रही।