,

शिवपुरी के नोहरा में 50 लाख की जमीन के फर्जी नामांतरण का आरोप, पटवारी-बाबू और पवन लोधी की भूमिका पर उठे सवाल / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले की खनियाधाना तहसील के ग्राम नोहरा में करीब 50 लाख रुपये की जमीन के कथित फर्जी नामांतरण का मामला सामने आया है। चार आवेदकों ने 27 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर के नाम आवेदन देकर राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि ग्राम नोहरा में सर्वे नंबर 88, 320, 976, 442 और 93 सहित अन्य सर्वे नंबरों की जमीन के नामांतरण में गड़बड़ी की गई। आरोप है कि हरियाणा के लोगों की खाली पड़ी जमीन को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों और पहचान पत्रों के आधार पर दूसरे लोगों के नाम दर्ज करा दिया गया।

शिकायत में पटवारी महेश गौड़ और तहसील कार्यालय के बाबू दिनेश लोधी की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। वहीं, पवन लोधी निवासी ममरौनी पर कथित तौर पर फर्जी आईडी का इस्तेमाल कर जमीन का नामांतरण कराने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कमल सिंह पुत्र कल्याण खंगार निवासी राजनगर, गीता पत्नी बलराम जाटव निवासी ककरौआ, सुखवंत पुत्र राम सिंह और मंजी लाल पुत्र बद्दी खंगार सहित अन्य लोगों के नामों का भी उल्लेख किया गया है।

शिकायतकर्ताओं ने सर्वे नंबर 93 की जमीन के अलावा चार बीघा और 25 बीघा जमीन के नामांतरण में भी कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मामले में प्रभावशाली लोगों की भूमिका होने की आशंका है, जिसकी राजस्व रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर जांच की जानी चाहिए।

खलक सिंह लोधी निवासी ग्राम राजपुर, रविदत्त निवासी हरियाणा, वीरेन्द्र निवासी हरियाणा और परमजीत सिंह निवासी राजस्थान ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।