,

शिवपुरी में PNG गैस कनेक्शन को लेकर प्रशासन सख्त, 15 दिन का अल्टीमेटम; LPG कनेक्शन काटने की चेतावनी / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर में पीएनजी (PNG) गैस के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिन उपभोक्ताओं के घरों के पास से पीएनजी गैस की अंडरग्राउंड पाइपलाइन निकली है, उन्हें 15 दिन के भीतर पीएनजी कनेक्शन कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में कनेक्शन नहीं कराने पर संबंधित उपभोक्ताओं के एलपीजी (LPG) कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

जिला आपूर्ति अधिकारी के अनुसार, शहर के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं और होटल व्यवसायियों से पीएनजी गैस का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की गई है। कमर्शियल पीएनजी कनेक्शन के लिए ₹40 हजार से ₹60 हजार तक की राशि एकमुश्त जमा कराई जा रही है। वहीं, घरेलू कनेक्शन के लिए ₹6,000 और अन्य शुल्क ₹800 सहित कुल ₹6,800 जमा कराने होंगे। विभाग के मुताबिक, कनेक्शन चालू होने के बाद जमा राशि वापस लौटाने का प्रावधान है।

फिलहाल शहर में पीएनजी गैस सप्लाई की व्यवस्था निर्माणाधीन है। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से गैस सिलेंडर की बुकिंग और घरों तक सिलेंडर पहुंचने में होने वाली देरी जैसी समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपभोक्ताओं से समय सीमा के भीतर पीएनजी कनेक्शन लेने की अपील की गई है।