,

खराब धान की फसल लेकर जनसुनवाई में पहुंचा किसान रंजोर सिंह, मंगल बीज भंडार से खरीदे बीज पर उठाए सवाल / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले की नरवर तहसील के ग्राम महोबा निवासी किसान रंजोर सिंह पुत्र सरकार सिंह खराब धान की फसल की शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचे। किसान ने कलेक्टर को आवेदन देकर धान की फसल में काले दाने निकलने और उत्पादन कम होने की शिकायत की। उन्होंने फसल की क्षति का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।

किसान के अनुसार, उन्होंने जून-जुलाई 2026 में शिवपुरी के मंगल बीज भंडार से 180 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से धान का बीज खरीदा था। बीज की गुणवत्ता और उपज के संबंध में दी गई जानकारी के आधार पर उन्होंने अपने खेत में बुवाई की थी।

किसान का आरोप है कि फसल तैयार होने पर धान में काले दाने निकलने लगे, जिससे गुणवत्ता प्रभावित हुई और बाजार में उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। किसान ने दावा किया कि सामान्य वर्षों की तुलना में प्रति बीघा करीब पांच क्विंटल कम उत्पादन हुआ है।

किसान के मुताबिक, लगभग 10 बीघा कृषि भूमि में उक्त बीज की बुवाई की थी। खेती परिवार की आजीविका का मुख्य साधन होने के कारण फसल खराब होने से उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

किसान ने कलेक्टर से कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा खेत का निरीक्षण कराने, धान के बीज की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच करने तथा फसल क्षति का आकलन कराने की मांग की है। साथ ही, जांच में लापरवाही या बीज की गुणवत्ता में कमी सामने आने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई और नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है।