,

कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5.5 किलो गांजा के साथ 56 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, बाइक समेत 1.25 लाख का माल जब्त / Shivpuri News

शिवपुरी। कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजेश उर्फ आनंद मिश्रा (56) को 5 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल समेत कुल ₹1.25 लाख का मशरूका जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट बनने पर जिला जेल शिवपुरी भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर को अग्रसेन नगर के सामने सिंहनिवास के पास फोरलेन पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कठमई तिराहा की ओर से आ रही काले रंग की मोटरसाइकिल पुलिस को देखकर चालक ने बाइक पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम राजेश उर्फ आनंद पुत्र रामसेवक मिश्रा, निवासी दतिया हाल छितरी रोड शिवपुरी बताया। बाइक पर बंधे प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें 5 किलो 500 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब ₹75 हजार बताई गई। पुलिस ने गांजा के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक MP33-ZA-0948 भी जब्त कर ली।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 769/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कोतवाली थाने में गांजा विक्रय के मामले में अपराध क्रमांक 201/18, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट दर्ज हो चुका है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उनि आदित्य प्रताप सिंह राजावत, उनि सुमित शर्मा, प्रधान आरक्षक विपिन भदौरिया, प्रधान आरक्षक राजवीर सिंह, आरक्षक सुमित सेंगर, शिवकुमार मीणा और अंकित शर्मा की भूमिका रही।