केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, भदरोनी का किया भव्य शुभारंभ, डायरेक्टर रमेश बंजारा एवं उनके परिजनों के प्रयासों की सराहना की
शिवपुरी। ग्रामीण अंचल में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने और बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए दिल्ली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, भदरोनी का भव्य शुभारंभ केंद्रीय मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने विद्यालय का विधिवत शुभारंभ करते हुए विद्यालय प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और क्षेत्र के विकास की सबसे मजबूत नींव होती है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में अंग्रेजी माध्यम एवं आधुनिक शिक्षा का विशेष महत्व है। पहले ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा प्राप्त करने के लिए शहरों की ओर जाना पड़ता था, लेकिन अब दिल्ली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल जैसे संस्थानों की शुरुआत से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अपने ही क्षेत्र में रहकर गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे बच्चों को घर के नजदीक ही आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी और अभिभावकों को भी अपने बच्चों की शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
सिंधिया ने विद्यालय के डायरेक्टर श्री रमेश बंजारा एवं उनके परिजनों देवेंद्रसिंह नायक बंजारा और विकास नायक बंजारा की पहल और दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल में शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह का संस्थान स्थापित करना सराहनीय प्रयास है। शिक्षा के क्षेत्र में निवेश केवल एक संस्थान की स्थापना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का कार्य है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिल्ली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, पूर्व विधायक नरेंद्र बिरथरे, जिला क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष संजय सांखला, पूर्व पार्षद छत्रपाल सिंह गुर्जर, भाजपा जिला महामंत्री लवलेश जैन (चीनू), योगेंद्र रघुवंशी (बंटी), के.पी. परमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक, विद्यालय के शिक्षक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एडवोकेट विनोद धाकड़ ने किया। अंत में विद्यालय के डायरेक्टर श्री रमेश बंजारा ने केंद्रीय मंत्री सहित सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
ग्रामीण अंचल में भी अब बच्चों को मिलेगी अंग्रेजी माध्यम की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा : ज्योतिरादित्य सिंधिया / Shivpuri News



