शिवपुरी। जिले के सीहोर थाना पुलिस ने गोदाम से धान चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई करीब 5 क्विंटल धान की 8 बोरियां, वारदात में इस्तेमाल लोहे का सब्बल और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम नरौआ निवासी लाखन रावत (40) ने 20 नवंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने 9 नवंबर की रात करीब 8 बजे अपने गोदाम में ताला लगाया था। 19 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे गोदाम खोलने पर पीछे की दीवार टूटी मिली। गोदाम में रखी 50 बोरियों में से 8 बोरियां धान गायब थीं, जिनका वजन करीब 5 क्विंटल और कीमत 25 हजार रुपये थी।
फरियादी की शिकायत पर सीहोर थाने में अपराध क्रमांक 158/2026 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा विनायक शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिमन्यु सिंह राजावत ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने 21 नवंबर को शनि बाथम (22) निवासी ग्राम पटेरी थाना सीहोर और मनो उर्फ मनोज आदिवासी (23) निवासी वार्ड क्रमांक 6 डबरा, हाल निवासी मकोड़ा थाना बिलौआ जिला ग्वालियर को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई 8 बोरी धान, एक लोहे का सब्बल और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिमन्यु सिंह राजावत सहित प्रधान आरक्षक बेताल सिंह गुर्जर, भगवती प्रसाद शिवहरे, आरक्षक हुकुम सिंह, राजकुमार गुर्जर, धर्मेंद्र शर्मा, विनोद कुमार, धर्मेंद्र कुशवाह, साहिल खान, अजय मांझी, सतेंद्र रावत, अजय शाक्य एवं प्रधान आरक्षक चालक राजकमल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गोदाम से 5 क्विंटल धान चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 25 हजार की धान और वारदात में इस्तेमाल बाइक-सब्बल जब्त / Shivpuri News




