शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत सोमवार को कोलारस क्षेत्र में आबकारी विभाग ने कार्रवाई की। टीम ने 15 लीटर अवैध हाथ भट्टी शराब के साथ उसके परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बाइक जब्त की है।
आबकारी टीम ने कोलारस-भड़ौता रोड पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक MP33ZN6604 से अवैध शराब बरामद की। जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹1.03 लाख बताई गई है।
मामले में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 49(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस/आबकारी टीम ने मौके से गोविंद पुत्र प्रेमनारायण केवट निवासी ग्राम हरीपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ जिले में लगातार सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई में वृत्त प्रभारी बृजराज शर्मा, आबकारी उपनिरीक्षक विनीत शर्मा, डॉ. तीर्थराज भारद्वाज, राहुल गुप्ता सहित आबकारी अमले की भूमिका रही।




