,

स्वामित्व रिकॉर्ड में पुराने कब्जेदारों की जगह दूसरे नाम दर्ज होने की शिकायत, CM मोहन यादव से जांच की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी। स्वामित्व अधिकार अभिलेख एवं निःशुल्क पंजीयन अभियान-2026 के तहत तैयार किए जा रहे रिकॉर्ड को लेकर अब शिकायत सामने आई है। भौंती नगर अध्यक्ष एवं पिछोर विधानसभा क्षेत्र निवासी जितेंद्र गुप्ता “जीतू भैया” ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र भेजकर उन मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की है, जिनमें वर्षों से भूमि या मकान पर काबिज वास्तविक कब्जेदारों के स्थान पर अन्य व्यक्तियों के नाम अभिलेख में दर्ज होने की शिकायत है।

जितेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि ग्रामीण आबादी की भूमि एवं मकानों से संबंधित स्वामित्व अधिकार अभिलेख तैयार करने और पंजीयन की प्रक्रिया के दौरान कई स्थानों से ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे वास्तविक कब्जेदारों के अधिकार प्रभावित होने के साथ भविष्य में विवाद की स्थिति बन सकती है।

उन्होंने मांग की कि भौंती, पिछोर विधानसभा क्षेत्र सहित मध्यप्रदेश के ऐसे सभी मामलों की जांच कराई जाए। जांच के दौरान पुराने राजस्व रिकॉर्ड, दस्तावेज, मौके पर कब्जे की स्थिति, पंचायत रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जाए।

पत्र में संबंधित अधिकारियों द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया की भी जांच कराने तथा रिकॉर्ड में त्रुटि या अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार सुधार करते हुए वास्तविक पात्र व्यक्ति के अधिकार सुरक्षित करने की मांग की गई है।

जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि जनता की भूमि और स्वामित्व से जुड़े मामलों में पारदर्शिता, निष्पक्षता और न्याय सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर मामलों का शीघ्र निराकरण कराने का अनुरोध किया है।


संबंधित खबरें