शिवपुरी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा गौवंश के साथ हो रहे लगातार हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में गौवंश घायल हो रहे हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था अब तक नजर नहीं आ रही। इसी क्रम में काली पहाड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक की टक्कर से एक गौ माता गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना मिलते ही गौ सेवक कल्लू महाराज मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल गौ माता को वाहन से अपनी गौशाला पहुंचाकर उपचार शुरू कराया। बताया जा रहा है कि हादसे में गौ माता के चारों पैर फ्रैक्चर हो गए थे और वह जीवन-मृत्यु से जूझ रही थी।
इसी दौरान घायल अवस्था में ही गौ माता को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। कठिन परिस्थितियों में कल्लू महाराज और उनके वेद गुरु बनवारी यादव ने पूरी सावधानी और सेवा भाव से गौ माता की डिलीवरी कराई। कुछ देर बाद एक बछिया का जन्म हुआ, लेकिन गौ माता की हालत गंभीर होने के कारण वह नवजात को दूध नहीं पिला सकी।
इसके बाद कल्लू महाराज ने बछिया के लिए दूध की व्यवस्था कर उसे निप्पल वाली बोतल से दूध पिलाया। उन्होंने कहा कि जब तक उनके प्राण हैं, तब तक इस बछिया की पूरी जिम्मेदारी उनकी रहेगी।
कल्लू महाराज ने बताया कि वह करीब 25 वर्षों से गौ सेवा कर रहे हैं और झांसी, शिवपुरी, दतिया, ग्वालियर व अशोकनगर तक उनका नेटवर्क सक्रिय है, जहां गौ सेवक संकट में फंसे गौवंश की मदद के लिए तत्पर रहते हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की कि गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए और राष्ट्रीय राजमार्गों पर गौवंश की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की जाए। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर गौवंश की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।







Be First to Comment