करैरा। करैरा में एक फाइनेंस कंपनी के कथित कारनामे का मामला सामने आया है। एक गरीब व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि वह नियमित किस्तें जमा करता रहा, इसके बावजूद उसे बकाया बताकर वाहन जब्त करने की कोशिश की गई। पीड़ित ने कंपनी के एक कर्मचारी पर किस्त की रकम हड़पने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार लालू केवट ने करैरा स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी से एक हीरो होंडा डीलक्स मोटरसाइकिल फाइनेंस कराई थी। लालू केवट का कहना है कि वह हर महीने समय पर किस्त जमा करता रहा। कुछ दिन पहले दो व्यक्ति उसके घर पहुंचे और उससे नाम पूछते हुए कहा कि उसने गाड़ी की किस्तें नहीं भरी हैं, इसलिए वे वाहन जब्त करने आए हैं।
इस पर लालू केवट ने उन्हें बताया कि वह हर महीने कंपनी के करैरा ब्रांच से आने वाले शिवम रावत नाम के कर्मचारी को किस्त की राशि देता रहा है। इसके बाद वह करैरा स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के कार्यालय पहुंचा और कर्मचारियों से जानकारी ली। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने उसे इस मामले में शिवम रावत से ही बात करने को कहा।
लालू केवट ने बताया कि जब उसने स्टेट बैंक करैरा शाखा से अपने खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो उसमें 16 किस्तें जमा दिखाई दीं, जबकि 4 किस्तें जमा नहीं थीं। एक किस्त की राशि करीब 3400 रुपए है। पीड़ित का आरोप है कि शिवम रावत ने उससे पैसे तो ले लिए, लेकिन चार किस्तें कंपनी में जमा नहीं कीं।
पीड़ित का कहना है कि वह गरीब परिवार से है और मेहनत से किस्तें भरता रहा है, इसके बावजूद उसे परेशान किया जा रहा है। उसने बताया कि वह इस मामले में करैरा थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग करेगा।
इस मामले में जब श्रीराम फाइनेंस करैरा ब्रांच के मैनेजर लोकेन्द्र यादव से फोन पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि शिवम रावत पहले कंपनी में काम करता था, लेकिन करीब दो-तीन महीने पहले नौकरी छोड़ चुका है। कंपनी द्वारा उसे नोटिस जारी किया जा रहा है और आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







Be First to Comment