,

शिवपुरी में पानी भरते समय फिसली गर्भवती महिला, कुएं में गिरने से दर्दनाक मौत, पोहरी थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरघार की घटना / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरघार में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। अपने निजी कुएं पर पानी भरते समय 24 वर्षीय रानी पाल का पैर फिसल गया, जिससे वह कुएं में गिर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रानी गर्भवती थी और उसकी शादी को महज तीन साल ही हुए थे।

जानकारी के मुताबिक, रानी के पति देवेंद्र पाल ने बताया कि उनका खेत पर ही घर है और थोड़ी दूरी पर कुआं स्थित है, जहां रानी रोज नहाने और पानी भरने जाया करती थी। शनिवार सुबह भी वह रोज की तरह पानी भरने गई थी, तभी पैर फिसल जाने से वह कुएं में गिर गई। हादसे के समय देवेंद्र दूध देने के लिए पोहरी कस्बे गया हुआ था।

परिजनों को जब घटना की सूचना मिली तो उन्होंने रानी को कुएं से निकालकर तत्काल पोहरी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोहरी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। गांव में घटना से मातम छा गया है।