शिवपुरी। जिले के भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम महोबा डामरौन में मारपीट के बाद 42 वर्षीय सुरेश जाटव की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रामसेवक जाटव और उसके दो बेटे कृष्ण कुमार जाटव व रोहित जाटव शामिल हैं।
पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को सुरेश पुत्र बाबूलाल जाटव निवासी ग्राम महोबा डामरौन ने भौंती थाने में कृष्ण कुमार जाटव, रामसेवक जाटव और रोहित जाटव के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 344/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296(बी) और 351(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस के मुताबिक, मारपीट में आई चोटों के कारण उसी दिन सुरेश जाटव की मौत हो गई। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या की धारा बढ़ाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और पिछोर एसडीओपी प्रमोद शाक्य के मार्गदर्शन में भौंती थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने 23 अक्टूबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण कुमार जाटव (28), रोहित जाटव (22) और रामसेवक जाटव (50), निवासी ग्राम महोबा डामरौन, थाना भौंती, जिला शिवपुरी के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घनश्याम भदौरिया के साथ प्रधान आरक्षक मृत्युंजय सिंह, भीकम सिंह, अभयराज सिंह तथा आरक्षक पीकेश कुमार और बृजेश राणा की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि हत्या के इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
भौंती में मारपीट के बाद सुरेश जाटव की मौत, हत्या के आरोप में पिता-पुत्र समेत 3 गिरफ्तार / Shivpuri News



