Press "Enter" to skip to content

दो साल से नहीं मिला वेतन, आर्थिक तंगी से जूझ रही रसोईया, कलेक्टर से मदद की गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी: शासकीय विद्यालय में कार्यरत एक रसोईया को दो वर्षों से वेतन नहीं मिला है, जिससे वह गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रही है। परेशान होकर पीड़िता की मां ने कलेक्टर से गुहार लगाई है कि उसकी बेटी को जल्द से जल्द वेतन दिलाया जाए।

ग्राम तिलातिली निवासी रूकमणी कुशवाह, जो कि स्व-सहायता समूह जगदंबा स्कूल शासकीय माध्यमिक विद्यालय पीरोठ, विकासखंड बदरवास में रसोईया के पद पर कार्यरत हैं, पिछले दो वर्षों से वेतन से वंचित हैं। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

पीड़िता की मां शांति बाई कुशवाह ने जनसुनवाई में आवेदन देकर बताया कि बेटी को वेतन न मिलने के कारण वे उसे आर्थिक मदद कर रही थीं, लेकिन अब हालात बेहद खराब हो चुके हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई है।

रसोईया रुकमणी कुशवाह ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि वीआरसी ने वेतन जारी करने के लिए 5000 रुपये की मांग की है। लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह यह राशि देने में असमर्थ हैं, जिस कारण उनका वेतन अटका हुआ है।

पीड़िता की मां ने कलेक्टर से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द उसकी बेटी की समस्या का समाधान किया जाए और दो वर्षों का बकाया वेतन उसके बैंक खाते में जमा कराया जाए।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!