शिवपुरी: जिले में खनिज विभाग की टीम ने अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो डंपर जब्त किए हैं। खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास ने जानकारी देते हुए बताया कि पहली कार्रवाई अमोला थाना क्षेत्र में अमोला क्रेशर के पास की गई, जहां एक डंपर को चेक किया गया। जांच में पाया गया कि उक्त डंपर एक टीपी (ट्रांजिट पास) पर दूसरा चक्कर लगा रहा था। इस पर टीम ने तत्परता दिखाते हुए डंपर को जब्त कर अमोला थाना पुलिस की अभिरक्षा में रखवा दिया।
दूसरी कार्रवाई सुरवाया थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक डंपर ओवरलोड और बिना वैध दस्तावेजों के रेत परिवहन करते पाया गया। इस पर भी खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए डंपर को सुरवाया थाना पुलिस की अभिरक्षा में दे दिया।
खनिज निरीक्षक श्रीवास ने बताया कि दोनों डंपरों पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और अर्थदंड की राशि निर्धारित करने के लिए मामला कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्रवाई में खनिज निरीक्षक के साथ सिपाही रवि नायर और शिशुपाल सिंह व्यास भी शामिल रहे।
खनिज विभाग की इस सख्त कार्रवाई के बाद अवैध रेत परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और रेत परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







Be First to Comment