Press "Enter" to skip to content

12वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, शरीर पर मारपीट के निशान, पड़ोस के दो युवकों पर परिजनों ने लगाए परेशान करने के आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के पोहरी कस्बे में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही 12वीं कक्षा की छात्रा ने गांव लौटकर फांसी लगा ली। परिजनों ने पड़ोस के दो युवकों पर उत्पीड़न और मारपीट के आरोप लगाए हैं।

छात्रा 25 फरवरी को परीक्षा देने के बाद अपने गांव गई थी और 26 फरवरी की शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पोहरी थाना क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय छात्रा 10वीं कक्षा से ही पोहरी कस्बे में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई कर रही थी। उसके साथ उसका छोटा भाई भी रहता था, जो छठी कक्षा में पढ़ता है। जिस मकान में छात्रा किराए से रहती थी, उसी में एक युवक भी किराए पर रहता था, जबकि दूसरा युवक पड़ोस में कुछ महीने पहले रहने आया था। दोनों युवक आपस में दोस्त थे।

परिजनों के मुताबिक, छात्रा 20 फरवरी को भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। उसने किसी तरह की गोलियां खा ली थीं, जिससे उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। ठीक होने के बाद वह घर लौट आई थी, लेकिन 24 फरवरी को परीक्षा देने पोहरी आई और सहमी हुई थी।

25 फरवरी को पहला पेपर देने के बाद उसने किसी से फोन पर कहा था कि वह दो दिन में आत्महत्या कर लेगी। इसके बाद वह अपने किराए के कमरे से गांव चली गई और अगले दिन फांसी लगा ली। छात्रा के ताऊ ने दावा किया कि शव पर मारपीट के निशान थे। उन्होंने दोनों युवकों पर आरोप लगाया कि वे उसे परेशान कर रहे थे, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया।

एसपी अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पहले छात्रा या परिजनों ने पुलिस में शिकायत नहीं की थी, लेकिन अब बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!