शिवपुरी में महाशिवरात्रि का पर्व बुधवार को मनाया गया। सुबह से ही शहर के सभी शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी।
शाम को नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर से भगवान शिव की बारात निकाली गई। दूल्हे के रूप में सजाए गए भोलेनाथ को पालकी में विराजमान किया गया। बारात में तीन झांकियां शामिल थीं। डीजे, बैंड और ढोल-ताशों की धुन पर बाराती नाचते-झूमते चले।
धर्मशाला रोड-टेकरी बाजार होते हुए निकली बारात
बारात का रूट नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर से धर्मशाला रोड, आर्यसमाज मंदिर, कस्टम गेट, टेकरी बाजार, माधव चौक चौराहा और विष्णु मंदिर होते हुए सिद्धेश्वर मंदिर तक रहा। मार्ग में जगह-जगह बारात का भव्य स्वागत किया गया।
विधि-विधान से शिव-पार्वती विवाह संपन्न
बारात में हर उम्र के लोग शामिल हुए। बच्चों और युवाओं ने हिंदू संस्कृति से जुड़े करतब भी दिखाए। सिद्धेश्वर मंदिर पहुंचने पर परंपरागत विधि-विधान से शिव-पार्वती विवाह संपन्न हुआ। पैर पखारने और वरमाला के बाद दोनों की आरती और पूजा-अर्चना की गई।
इस वर्ष सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में खास तैयारियां की गई थीं। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शिव विवाह के पावन अवसर पर आशीर्वाद प्राप्त किया। शहर के अन्य शिव मंदिरों में भी देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा।







Be First to Comment