,

रोजगार सहायक पर 20-20 हजार की वसूली का आरोप, CEO को सौंपा शपथ-पत्र, आवास योजना में धोखाधड़ी की शिकायत / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के खनियाधाना क्षेत्र में आवास योजना में बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ग्राम दिदावनी की महिलाओं ने रोजगार सहायक अरविंद यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

महिलाओं का कहना है कि आवास योजना की पहली किस्त मिलने के बाद रोजगार सहायक ने कियोस्क संचालक के साथ मिलकर हर हितग्राही से 20 हजार रुपए वसूल लिए। महिलाओं ने खुद मजदूरी करके कुटीरें बनाईं। लेकिन मजदूरी की राशि दूसरे खातों में डाली गई। कुछ राशि उनके खातों में आई, जिसे कियोस्क संचालक के जरिए निकलवा लिया गया।

शिकायत में बताया गया कि पिछले दो साल से सब्जी योजना के तहत मिलने वाले 1000 रुपए प्रति हितग्राही की राशि भी नहीं मिली है। कागजों में कुटीर निर्माण पूरा दिखाकर पूरी राशि निकाल ली गई है। जबकि वास्तविकता में कुटीरें अभी अधूरी हैं।

कंचनपुरा में चबूतरा निर्माण में भी घोटाले का आरोप है। राशि निकाली गई, लेकिन चबूतरा नहीं बना है। महिलाओं ने शपथपत्र के साथ जिला पंचायत सीईओ, जनपद पंचायत सीईओ और थाना प्रभारी बामौर कलां को शिकायत भेजी है।

खनियाधाना जनपद के सीईओ मोघराज मीणा ने कहा कि महिलाओं की शिकायत पर टीम गठित कर जांच कराई जाएगी। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।