Press "Enter" to skip to content

खेत पर रखवाली कर रहे युवक की मिली गर्दन कटी लाश, पिछोर थाना क्षेत्र के सालौरा मजरा मोहनगढ़ की घटना / Shivpuri News

शिवपुरी में मंगलवार को खेत पर सुबह एक युवक की गर्दन कटी लाश मिली। युवक रात में खेत पर रखवाली करने गया था, सुबह जब घर नहीं आया तो परिजनों खेत पर पहुंचे। जहां लाश पड़ी मिली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।

घटना पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम सालौरा मजरा मोहनगढ़ की है। यहां पिंकी उर्फ प्रहलाद लोधी (24) पुत्र कमल सिंह लोधी की गर्दन कटी लाश उसी के खेत पर पड़ी मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक के पिता कमल सिंह लोधी ने बताया कि 19 फरवरी की रात करीब 8 बजे उनका बेटा रोज की तरह खेत पर फसल की रखवाली करने गया था, क्योंकि खेत में अक्सर नीलगाय फसल को नुकसान पहुंचाती थीं। लेकिन जब 20 फरवरी की सुबह वह चाय पीने घर नहीं आया, तो उसकी बहन साधना लोधी उसे बुलाने खेत पर गई। जब साधना खेत पहुंची तो वहां टटिया के पास भाई की गर्दन कटी हुई लाश देख चीख पड़ी। इसके बाद उसने घरवालों को फोन कर सूचना दी। परिवार के लोग और गांव वाले मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और हत्या किसने व क्यों की, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब परिजनों, ग्रामीणों और संभावित संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर युवक की इतनी बेरहमी से हत्या क्यों की गई। फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड की तहकीकात कर रही है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!