शिवपुरी जिले में नेशनल हाईवे-27 पर शनिवार को कुंभ यात्रियों के साथ दो अलग-अलग दुर्घटनाएं हुईं। पहली दुर्घटना तेंदुआ थाना क्षेत्र के डेहरवारा गांव के पास हुई, जहां गुजरात के बड़ौदा से प्रयागराज कुंभ स्नान जा रही कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में दो यात्री घायल हुए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मूंगफली के छिक्कल से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बस
दूसरी दुर्घटना करैरा थाना क्षेत्र में हुई, जहां कुंभ स्नान करके लौट रहे गुजराती श्रद्धालुओं से भरी बस की मूंगफली के छिक्कल से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। घटना करैरा के गैस गोदाम के पास हुई। हादसे में बस का शीशा टूट गया।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
घटना में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से मामला मौके पर ही सुलझा लिया गया और श्रद्धालु अपनी यात्रा पर रवाना हो गए। स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों से सतर्क रहने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।






