Press "Enter" to skip to content

करैरा नगर परिषद विवाद: बिना वर्क ऑर्डर निर्माण पर उपाध्यक्ष का विरोध, अब ठेकेदार ने भी दी थाने में शिकायत / Shivpuri News

उपाध्यक्ष राजीव सिकरवार और ठेकेदार अजमेर सिंह सोलंकी के बीच टकराव बढ़ा, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप

करैरा: करैरा नगर परिषद में बिना कार्य आदेश (वर्क ऑर्डर) के निर्माण कार्य किए जाने को लेकर उठे विवाद में अब नया मोड़ आ गया है। जहां पहले नगर परिषद उपाध्यक्ष राजीव सिकरवार ने ठेकेदार अजमेर सिंह सोलंकी पर अवैध निर्माण और धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी थी, वहीं अब ठेकेदार अजमेर सिंह सोलंकी ने भी थाने में शिकायती आवेदन देकर राजीव सिकरवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

ठेकेदार का दावा: “मुझे टेंडर मिला था, उपाध्यक्ष काम नहीं करने दे रहे”

ठेकेदार अजमेर सिंह सोलंकी का कहना है कि उन्हें वार्ड क्रमांक 7 में सीसी रोड का टेंडर मिला है और उन्होंने मंगल पांडे स्मारक के सुंदरीकरण का टेंडर भी लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे मंगल पांडे स्थल पर निर्माण कार्य करवा रहे थे, तब नगर परिषद उपाध्यक्ष राजीव सिकरवार वहाँ पहुंचे और नगर परिषद अध्यक्ष शारदा रावत व उनके पति रामस्वरूप रावत का नाम लेकर मेरे साथ गाली-गलौज करने लगे।

“राजीव सिकरवार ने नगर परिषद की जेसीबी से तोड़वाए निर्माण कार्य के कॉलम”

ठेकेदार का आरोप है कि राजीव सिकरवार ने नगर परिषद की जेसीबी मंगवाकर मंगल पांडे स्मारक के बनाए गए कॉलम तोड़ दिए, जबकि उन्हें ऐसा करने का कोई अधिकार नहीं था। ठेकेदार ने यह भी कहा कि उन्हें वार्ड क्रमांक 7 में करीब 8 लाख रुपये का कार्य पूरा कराए हुए 15 दिन हो चुके हैं, लेकिन राजीव सिकरवार 10% कमीशन की मांग कर रहे हैं और लगातार काम में बाधा डाल रहे हैं।

पहले उपाध्यक्ष ने लगाए थे ठेकेदार पर धमकी और घटिया निर्माण के आरोप

इससे पहले नगर परिषद उपाध्यक्ष राजीव सिकरवार ने ठेकेदार अजमेर सिंह सोलंकी पर बिना वर्क ऑर्डर घटिया निर्माण करने, एफडीआर राशि जमा न करने और फोन पर धमकी देने के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि जब उन्होंने ठेकेदार से निर्माण सामग्री हटाने और अवैध कार्य रोकने को कहा, तो ठेकेदार ने उन्हें धमकी दी कि “जो भी इसे हटाने की कोशिश करेगा, उस पर झूठा मुकदमा करवा दूँगा”।

नगर परिषद की राजनीति: भाजपा के भीतर गुटबाजी भी आई सामने

इस पूरे विवाद ने करैरा नगर परिषद में गहरी राजनीतिक गुटबाजी को भी उजागर कर दिया है। नगर परिषद में भाजपा के दो खेमे आमने-सामने आ गए हैं।

राजीव सिकरवार भाजपा के जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव के समर्थक माने जाते हैं।

वहीं, ठेकेदार अजमेर सिंह सोलंकी विधायक रमेश खटीक और प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक रणवीर रावत के गुट से जुड़े हुए हैं।

नगर परिषद अध्यक्ष शारदा रावत का पूरा नियंत्रण रणवीर रावत के परिवार के पास है, और परिषद को उनके भाई रामस्वरूप रावत संचालित करते हैं।


अब क्या करेगा प्रशासन?

अब स्थिति यह है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। नगर परिषद उपाध्यक्ष राजीव सिकरवार का कहना है कि अगर भविष्य में उनके साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी ठेकेदार अजमेर सिंह सोलंकी की होगी। वहीं, ठेकेदार का आरोप है कि उपाध्यक्ष काम में अवैध रूप से दखल देकर कमीशन की मांग कर रहे हैं।

अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में किसके पक्ष में कार्रवाई करता है और नगर परिषद में जारी इस रस्साकशी का अंजाम क्या होगा।


इनका क्या कहना है ।

कार्य का कोई वर्क ऑर्डर नही है हमे कोई जानकारी नही है काम कहा चल रहा है ।

अभय प्रताप सिंह चौहान इंजीनियर नगर परिषद करैरा

उपाध्यक्ष राजीव सिकरवार कार्य मे 10 प्रतिशत कमीशन मांगता है वार्ड 3 में मंगल पांडे स्मारक का काम रुकवाने आ गया था मेरे से फोन पर अनर्गल बोल रहा था एवं हमारे अध्यक्ष  साहब के बारे में भला बुरा बोल रहा था तो मैने गलत बोलने का विरोध किया , बाकी सारे आरोप निराधार है।

अजमेर सोलंकी शासकीय ठेकेदार


मेरे वार्ड 7 में गिट्टी पड़ी हुई थी सड़क उखड़ी हुई थी तो मेरे द्वारा इंजीनियर को फोन लगाया गया कि ये काम किसका चल रहा है वर्क ऑर्डर कहा है तो इंजीनियर ने वर्क ऑर्डर का मना कर दिया , तब मैंने वहां पता किया कि अजमेर सोलंकी काम कर रहा है और फोन पर केवल गिट्टी हटाने को बोला कि मोहल्ले वासी चोटिल हो रहे है इस बात पर भड़क गया , जबकी अध्यक्ष मैडम उनके पति रामस्वरूप से हमे क्या लेना देना , मैडम नगर परिषद में तक आती नही है । उन्हें ठेकेदार जबरन धकेल रहा है ।

राजीव सिकरवार उपाध्यक्ष नगर परिषद करैरा


मेरे वार्ड में मंगल पांडे स्मारक के पिलर बहुत ही घटिया किस्म के बन रहे थे जिन्हे मेरी शिकायत पर तुड़वाया गया है इसमें उपाध्यक्ष का कोई हाथ नहीं है बिना वर्क ऑर्डर के यहा अधिकतर कार्य अध्यक्ष पति और उनके प्राइवेट लिमिटेड ठेकेदार करते है । बहुत काम तो ऐसे भी हुए है की काम पूर्ण होने के 3 महीने बाद यहाँ टेंडर लगता है ।

शालिनी नीरज शर्मा वार्ड 3 पार्षद करैरा

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!