Press "Enter" to skip to content

चौकीदार को बंधक बनाकर 80 लाख की चोरी: स्कूल संचालक के घर घुसे 6 बदमाश; हाथ बांधे, जान बचाने गार्ड ने फांदी दीवार / Shivpuri News

शिवपुरी में एक निजी स्कूल संचालक के घर 80 लाख की चोरी हुई है। मामला छत्री रोड स्थित सिद्धेश्वर काॅलोनी का है, रविवार देर रात 6 नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर घर में घुसे, गार्ड को बंधक बनाया और ताला तोड़कर घर से सोना और डायमंड ज्वेलरी ले गए। हाथ-पैर बंधे गार्ड ने रस्सी खोलकर शोर मचाते हुए जान बचाने के लिए दीवार फांदी। इसके बाद लोग बाहर निकलते इससे पहले ही आरोपी फरार हाे गए। घर में घुसते बदमाश सीसीटीवी में कैद हुए है।

ईस्टर्न हाइट स्कूल के संचालक सुबोध अरोरा ने सोमवार को इसकी शिकायत की है। उन्होंने बताया कि रविवार को पूरा परिवार भांजी की शादी में ओरछा गया हुआ था। घर में चौकीदार बाबूलाल आदिवासी और उनकी पत्नी मीना ही थे।

घर का ताला तोड़कर घुसे

इस दौरान रात करीब ढाई बजे 6 नकाबपाेश बदमाश हथियार के साथ अंदर घुसे। चौकीदार बाबूलाल की नींद खुल गई, इस पर दो बदमाशों ने बाबूलाल के साथ मारपीट की और उसे पकड़कर रस्सी से बांध दिया, जबकि चार अन्य लाेग ताला तोड़कर मकान में घुस गए। उन्होंने सोने और डायमंड के टॉप्स, नेकलेस और अंगूठियाें सहित 80 लाख रुपए की ज्वेलरी चुरा ली।

चौकीदार के शोर मचाने पर भागे

इस दाैरान चौकीदार बाबूलाल ने अपने हाथों की रस्सी खोल ली और मौका मिलते ही मकान की बाउंड्री फांदकर गली में शोर मचाना शुरू कर दिया। चौकीदार की चिल्लाने की आवाज सुनते ही सभी बदमाश भाग निकले। इस घटना में चौकीदार घायल हुए हैं। घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कुछ बदमाश घुसते दिखाई दे रहे है।

भांजी की शादी में ओरछा गया था परिवार

जानकारी के अनुसार, सुबोध अरोरा के बेटे जागरूक अरोरा अमेरिका में सॉफ्टवेयर कंपनी में जॉब करते हैं। वह अपने परिवार के साथ अमेरिका में रहते हैं, जो अपनी बुआ की लड़की की शादी में शामिल होने के लिए 25 जनवरी को अमेरिका से शिवपुरी आए थे। शादी रविवार को ओरछा के किसी रिसॉर्ट में आयोजित हुई थी। इसमें शामिल होने के लिए पूरा परिवार रविवार को ओरछा गया हुआ था।

चौकीदार बोला- हथियारों से लैस थे बदमाश

इधर, चौकीदार रामबाबू आदिवासी ने बताया कि सभी बदमाश हथियारों से लैस थे। पहले उन्होंने उसके साथ मारपीट कर दोनों को बंधक बनाया और उसके रस्सी से उसके हाथ बांध दिए। फिजिकल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!