शिवपुरी: जिले में थानों में विधायक प्रतिनिधि नियुक्त करने का मामला तूल पकड़ गया है। पिछोर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने तीन पुलिस थानों में अपने प्रतिनिधि नियुक्त किए हैं। मायापुर थाना क्षेत्र के लिए लोकेंद्र यादव बंटी, बामौरकलां थाना क्षेत्र के लिए उदय सिंह यादव और खनियांधाना क्षेत्र के लिए इंद्रल लोधी को प्रतिनिधि बनाया गया है।
मामला सामने आने के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो विधायक गली-मोहल्लों के लिए भी अपने प्रतिनिधि नियुक्त करने लगेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायकों को व्यवस्थागत प्रशिक्षण की जरूरत है, क्योंकि ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है जिसमें विधायक थानों के लिए प्रतिनिधि नियुक्त कर सकें। वहीं एमपी कांग्रेस के एक्स हेंडल पर लिखा गया कि ‘मोहन सरकार में थाने न्याय दिलाने के नहीं दलाली के अड्डे हो गए हैं।’
‘मोहन सरकार में थाने दलाली के अड्डे’
मामले को लेकर एमपी कांग्रेस के एक्स हेंडल पर भी प्रतिक्रिया आई है, ‘कांग्रेस लगातार यह कहती आई है कि मोहन सरकार में थाने न्याय दिलाने के नहीं दलाली के अड्डे हो गए हैं। इसका प्रमाण है कि विधायक अब थानों में विधायक प्रतिनिधि तक नियुक्त करने लगे हैं। शायद विधायक यह निगरानी चाहते हों कि हिस्सेदारी का कोई हिस्सा छूट न जाए।’
कांग्रेस विधायक भी बना चुके हैं थानों के प्रतिनिधि
जिले में थानों का प्रतिनिधि बनाने का यह पहला मामला नहीं हैं। इससे पहले पोहरी से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह अपनी विधानसभा क्षेत्र के बैराड़ थाना के लिए विकास तोमर और गोवर्धन थाना से कुलदीप सिंह राजावत को अपना विधायक प्रतिनिधि बना चुके हैं। उन्होंने इसकी घोषणा 30 जुलाई 2024 को पत्र जारी कर की थी।
कार्यकर्ताओं को विधायक के रूप में देखना चाहते हैं: लोधी
प्रतिनिधि घोषित करने के बाद भाजपा विधायक प्रीतम लोधी का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि MLA बनने के बाद उन्होंने प्रतिज्ञा ली थी कि वे विधानसभा के सभी कार्यकर्ताओं को विधायक के रूप में देखना चाहते हैं। वही कार्य अब उनके द्वारा शुरू कर दिया है।
‘हर रोज एक विधायक बनाने का काम करते हैं’
वे विभाग में प्रतिनिधि बनाने का कार्य कर रहे हैं चाहे वह थाना हो या अन्य विभाग। वे चाहते हैं कि हरेक कार्यकर्ता और नागरिक अपने आप को विधायक समझे और सफल विधानसभा बनाने में अपना योगदान दे। वह हर रोज एक विधायक बनाने का काम करते हैं और उनके अनुभव भी लेते हैं। पिछले 30 सालों से एक ही विधायक बैठा हुआ था, लेकिन अब हर रोज जनता और कार्यकर्ता अपने आप को विधायक मानकर विधायक की कुर्सी पर बैठ रहे हैं।










Be First to Comment