शिवपुरी: राजस्थान के बूंदी निवासी एक युवक ने शनिवार को एसपी ऑफिस पहुंचकर ससुराल पक्ष से पत्नी को वापस दिलाने की मांग की है। युवक का कहना है उसकी शादी महज एक महीने पहले हुई थी और वह पहली बार अपनी पत्नी को ससुराल से लेने आया था। लेकिन, उसकी पत्नी उससे नहीं मिली और ससुराल पक्ष ने उसे मारपीट कर भगा दिया।
राजस्थान की बूंदी तहसील के रौजना गांव निवासी रामफूल मोंगिया ने बताया कि उसकी शादी एक महीने पहले सुभाष पुरा थाना क्षेत्र निवासी शैम्पू मोंगिया के साथ हुई थी। शादी के बाद वह उसके साथ ससुराल चली गई थी और करीब दस दिन बिताने के बाद मायके लौट आई। वह अपने साथ एक सोने का हार, अंगूठी और एक मोबाइल भी लाई थी।
रामफूल मोंगिया ने बताया कि शुक्रवार को वह अपनी ससुराल में पत्नी को लेने पहुंचा था। यहां उसे पत्नी नहीं मिली थी। सास-ससुर से पूछताछ करने पर उसके साथ ससुर और साले ने मिलकर मारपीट की।
उसने जब गांव में पड़ताल की तो पता चला कि उसकी पत्नी को किसी व्यक्ति के साथ सास-ससुर ने सहमति से भेज दिया है। इसी की शिकायत करने वह आज एसपी ऑफिस आया है। उसने एसपी से मांग की कि उसका सोने-चांदी का सामान वापस दिलाया जाए और ससुराल पक्ष पर मामला दर्ज किया जाए।
पत्नी को वापस लेने आए युवक को ससुरालपक्ष ने पीटा: एक महीने पहले हुई थी शादी, 10 दिन में मायके शिवपुरी लौट आई युवती / Shivpuri News




