,

दलित युवक की लाठी-डंडो से पीटपीटकर हत्या, फोरलेन पर चक्काजाम, सरपंच सहित 4 गिरफ्तार, CM ने 4 लाख की सहायता राशि दी / Shivpuri News

शिवपुरी के इंदरगढ़ गांव में रास्ते को लेकर हुए विवाद में मंगलवार शाम एक युवक की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड का आरोप सरपंच और उसके परिवार पर है। मामले में पुलिस ने सरपंच, उसकी पत्नी और बेटे सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या का केस किया था।

वहीं, बुधवार को मेडिकल कॉलेज में पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजन शव लेकर शिकायत दर्ज कराने सुभाषपुरा थाना पहुंचे। आरोप लगाया कि पुलिस वक्त पर पहुंचती तो नारद की जान बच सकती थी। परिजन ने लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग की। इसके अलावा पीड़ित परिवार को शस्त्र लाइसेंस, आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी देने की मांग की गई। इसके लिए पांच दिन का अल्टीमेटम दिया है।

इसके बाद कोई सुनवाई नहीं होने पर परिजन और ग्रामीणों ने NH-46 पर 1 घंटे तक चक्का जाम किया। चक्का जाम में पोहरी से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाहा भी मौजूद रहे। एसडीएम उमेश कौरव, एडिशनल एसपी संजीव मुले ने जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन ने चक्का जाम खत्म किया।

सीएम ने की सहायता राशि देने की घोषणा
घटना को लेकर सीएम मोहन यादव ने दुख जताते हुए मृतक के परिजन को 4 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। सीएम मोहन यादव ने X पर लिखा-

इंदरगढ़ में दो पक्षों में हुए आपसी विवाद में एक युवक को गंभीर चोट आई, जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु होने का समाचार बहुत ही दुःखद है। परिजन को चार लाख रुपए आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

बोरवेल को लेकर हुआ था दो पक्षों में विवाद
स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव के सरपंच पदम धाकड़ ने नारद के मामा रघुवीर और करण के साथ मिलकर खेत में सिंचाई और दूसरे कामों के लिए एक बोर कराया था। इस बोर से नारद के मामा जमीन की सिंचाई और सरपंच परिवार होटल के लिए पानी लेता था। लेकिन, सरपंच पदम धाकड़ और उसके भाई मोहर पाल धाकड़ ने नारद जाटव के मामा की जमीन से होटल के लिए पीछे से रास्ता बना लिया था। इसी बात से दोनों पक्षों के बीच अकसर विवाद होने लगा था।

दौरार गांव का रहने वाला 30 साल का नारद जाटव पुत्र विष्णु जाटव इंदरगढ़ आया था। यहां नारद और सरपंच पदम धाकड़ के बीच बोरवेल को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद में नारद ने बोरवेल पाइप लाइन उखाड़कर फेंक दी थी।

इसके बाद झगड़ा बढ़ा और सरपंच पदम धाकड़, उसके भाई मोहर पाल धाकड़, सरपंच के बेटे अंकेश धाकड़, जसवंत धाकड़, पत्नी दाखा बाई और विमल धाकड़, निक्की उर्फ अवधेश धाकड़, बेताल धाकड़ ने लाठियों से पीट-पीट कर नारद की हत्या कर दी। सुभाषपुरा थाना पुलिस ने सरपंच पदम धाकड़, उसके भाई मोहर पाल धाकड़ निक्की उर्फ अवधेश धाकड़ को गिरफ्तार कर लिया हैं. बाकि 4 आरोपियों की तलाश जारी हैं.