,

दीपावली से पहले ठेले वालों पर हटाने की कार्रवाई का डर, 5 दुकानदारों ने कलेक्टर से मांगी 2 माह की मोहलत; बोले-उधार लेकर खरीदा है माल / Shivpuri News

शिवपुरी। दीपावली के त्योहार से पहले टेकरी रोड स्थित गर्ल्स स्कूल के पास हाथ ठेला लगाकर कपड़े बेचने वाले पांच दुकानदारों ने प्रशासन से दो माह की मोहलत देने की मांग की है। दुकानदारों ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर कहा कि उन्होंने दीपावली को देखते हुए उधार और कर्ज लेकर बड़ी मात्रा में कपड़ों का माल खरीदा है। यदि उन्हें तत्काल हटा दिया गया तो माल नहीं बिक पाएगा और उन्हें गंभीर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

शिकायत में गीता राठौर, राजकुमारी गणेशी राठौर, दीपा राजौरिया, अशोक अरोरा और राजू राठौर ने बताया कि उनके परिवार लंबे समय से टेकरी रोड पर हाथ ठेले के माध्यम से वस्त्र बेचकर आजीविका चलाते आ रहे हैं। करीब सात वर्ष पहले प्रशासन ने उन्हें पुराने स्थान से हटाकर सामने की ओर जगह आवंटित की थी, जहां वे तब से दुकानदारी कर रहे हैं।

दुकानदारों का कहना है कि अब प्रशासन द्वारा उन्हें वर्तमान स्थान से भी हटाया जा रहा है। ऐसे में उन्होंने दो माह तक वर्तमान स्थल पर हाथ ठेला अथवा छोटी टेबल लगाकर अस्थायी दुकानदारी की अनुमति देने की मांग की है।