शिवपुरी। 72 वर्षीय युगल कुमार जोशी के इलाज के लिए जमा राशि निकालने में परेशानी का मामला सामने आया है। युगल कुमार जोशी एवं उनकी पत्नी मधु जोशी ने 6 अक्टूबर को कलेक्टर को आवेदन देकर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शिवपुरी में संयुक्त खातों में जमा राशि में से 10 लाख एकमुश्त दिलाए जाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार युगल कुमार जोशी लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं और उदयपुर के विभिन्न अस्पतालों में करीब चार वर्षों से इलाज एवं नियमित डायलिसिस चल रहा है। परिजनों का कहना है कि इलाज में अब तक बड़ी राशि खर्च हो चुकी है और आगे के उपचार के लिए तत्काल पैसों की जरूरत है।
शिकायत में बताया गया है कि दोनों के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित शिवपुरी में संयुक्त खाते हैं, जिनमें राशि जमा है। आरोप है कि उन्हें खाते से एक सप्ताह में केवल 1,000 दिए जा रहे हैं, जबकि उनका निवास उदयपुर में है और इलाज भी वहीं चल रहा है।
युगल कुमार जोशी एवं मधु जोशी ने कलेक्टर से इलाज की जरूरत को देखते हुए खातों में जमा राशि में से 10 लाख एकमुश्त उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि उन्होंने पूर्व में शिवपुरी स्थित अपना मकान बेच दिया है।




